10 हजार लोगों ने ली नशा मुक्ति की सामूहिक प्रतिज्ञा।
10 thousand people took a collective pledge to be free from addiction. ब्रह्माकुमारीज का 10 करोड़ प्रतिज्ञा महा अभियान आमला में, 20 अगस्त तक चलेगा जन जागृति अभियान। हरिप्रसाद गोहे आमला। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय आमला द्वारा नशा मुक्त भारत के संकल्प के साथ 10 करोड़ प्रतिज्ञा महा अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के तहत 6 अगस्त से 20 अगस्त तक पूरे देश में जन जागृति कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। अभियान की कड़ी में रविवार को विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आमला की हवाई पट्टी पर विशाल कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 10 हजार लोगों ने एक साथ नशा मुक्त जीवन जीने की सामूहिक प्रतिज्ञा ली। ब्रह्माकुमारीज दीदी हेमलता ने बताया कि इस अभियान का मुख्य लक्ष्य मूल्यनिष्ठ समाज का निर्माण करना है। नशा मुक्त जीवन इसके लिए अति अनिवार्य है। सच्ची स्वतंत्रता तभी संभव है जब व्यक्ति आंतरिक रूप से स्वतंत्र हो। आज व्यक्ति किसी न किसी बुरी आदत और व्यसन का गुलाम बना हुआ है। इन व्यसनों से मुक्त होकर ही हम सही मायने में स्वतंत्र बन सकते हैं। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि जब तक हम स्वयं को नशे और बुरी आदतों से मुक्त नहीं करेंगे, तब तक विकसित भारत की कल्पना साकार नहीं हो सकती। इसी संकल्पना को लेकर ब्रह्माकुमारी पूरे भारत में 10 करोड़ लोगों से नशा मुक्ति की प्रतिज्ञा करवा रही हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आमजन, सामाजिक संगठन, युवा और महिला मंडल के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने हाथ उठाकर नशा न करने और समाज को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया। ब्रह्माकुमारीज दीदी हेमलता ने बताया कि 20 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान के दौरान घर-घर, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर जाकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया जाएगा।