जेईई मेन्स 2026 में कुशाग्र वर्मा जिले में प्रथम, 99.87 प्रतिशत अंक हासिल कर रचा कीर्तिमान
Kushagra Verma tops district in JEE Mains 2026, creates record by scoring 99.87 percentile विशेष संवाददाता जितेन्द्र श्रीवास्तव जबलपुर। जेईई मेन्स 2026 की परीक्षा में ए.पी.एन. सी.बी.एस.ई. के प्रतिभाशाली छात्र कुशाग्र वर्मा ने 99.87 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान अर्जित कर इतिहास रच दिया। उनकी इस शानदार सफलता से न केवल परिवार, बल्कि विद्यालय और पूरे जिले में हर्ष का माहौल है। कुशाग्र की इस उपलब्धि ने यह सिद्ध कर दिया कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनकी सफलता से विद्यालय की प्रतिष्ठा भी नई ऊंचाइयों पर पहुंची है। संस्था अध्यक्ष चमन श्रीवास्तव, महाविद्यालय रजिस्ट्रार मानवेन्द्र सिंह, स्टेट बोर्ड प्राचार्य अजय वर्मा एवं सी.बी.एस.ई. प्रभारी प्राचार्य करन खुराना ने कुशाग्र को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि कुशाग्र की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। कुशाग्र की सफलता में उनके पिता श्री शैलेन्द्र वर्मा एवं माता श्रीमती ऋतु वर्मा का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने सदैव उन्हें मेहनत और लगन से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही बड़े भाई कुणाल वर्मा के मार्गदर्शन, बड़ी मां डॉ. झूमा वर्मा एवं बड़ी बहन एडवोकेट डायरेक्टर कृतिका वर्मा के सहयोग ने भी उनकी तैयारी को मजबूत आधार प्रदान किया। कुशाग्र ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, शिक्षकों एवं ए.पी.एन. स्कूल के संचालक डायरेक्टर चमन श्रीवास्तव तथा रजिस्ट्रार मानवेन्द्र सिंह को देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। यह उपलब्धि न केवल कुशाग्र के लिए, बल्कि पूरे जबलपुर जिले के लिए गर्व का विषय बन गई है।