नन्हे कदमों का स्वागत: आंगनबाड़ी बच्चों का भव्य विद्यारंभ समारोह
Welcoming Little Steps: Grand Vidyarambh Ceremony for Anganwadi Children विशेष संवाददाता: जितेन्द्र श्रीवास्तव/अर्पिता श्रीवास्तव जबलपुर। हनुमानताल साड़ियां कुआं स्कूल और खरमाई भानतलैया स्कूल में आंगनबाड़ी के नन्हे बच्चों के लिए सेक्टर स्तरीय विद्यारंभ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को विद्यालय से जोड़ना और उनके शिक्षा के प्रथम कदम को उत्सव के रूप में मनाना रहा। कार्यक्रम में वार्ड पार्षद श्रीमती कविता रैकवार एवं हनुमानताल के पार्षद गोवर्धन कश्यप विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, अभिभावक और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी शामिल हुए। आयोजन में बच्चों और उनके अभिभावकों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया, जिससे पूरे परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने गीत, कविताएं और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की मासूम अदाएं और आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भावुक और आनंदित कर दिया। इस अवसर पर एसडीएम पंकज मिश्रा ने कहा कि बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा में माताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम न केवल बच्चों को विद्यालय से जोड़ते हैं, बल्कि उनके परिवारों को भी शिक्षा के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनाते हैं। परियोजना अधिकारी रितेश दुबे ने बताया कि विद्यारंभ कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को पहली कक्षा में प्रवेश के समय एक सकारात्मक और आनंददायक वातावरण देना है, ताकि वे बिना किसी भय के शिक्षा की ओर अग्रसर हो सकें। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को विद्यारंभ प्रमाण पत्र, ग्रेजुएशन कैप और स्टेशनरी किट वितरित की गई। सभी अतिथियों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इस पहल की सराहना की।