Trust in relationship, home burglary—relative turns out to be burglar, theft of 20.85 lakh rupees revealed
हरिप्रसाद गोहे
आमला बैतूल ! आमला थाना क्षेत्र में हुई बड़ी नकबजनी की वारदात का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हैरानी की बात यह रही कि चोरी करने वाला कोई बाहरी नहीं, बल्कि फरियादी का ही रिश्तेदार निकला। आरोपी ने रिश्ते की आड़ में घर की रेकी कर वारदात को अंजाम दिया और बाद में चोरी के जेवर गिरवी रखकर कर्ज चुकता कर दिया।
घटना 9-10 मार्च 2026 की दरम्यानी रात की है, जब वार्ड क्रमांक 6, कुन्बी मोहल्ला निवासी ओमकार टिकारे के घर के पीछे का दरवाजा तोड़कर अज्ञात व्यक्ति अंदर घुसा। आरोपी ने अलमारी और पलंग पेटी तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात सहित 30 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र कुमार जैन के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी रविकांत डहेरिया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 23 मार्च को संदेही महेन्द्र उर्फ रंजीत देवड़े (32), निवासी इंदौर को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी फरियादी का रिश्तेदार है और आर्थिक तंगी व कर्ज के चलते उसने अपने ही परिचित के घर को निशाना बनाया। चोरी के जेवर उसने इंदौर स्थित एक गोल्ड लोन कंपनी में गिरवी रखकर करीब 8 लाख रुपये प्राप्त किए, जिनमें से बड़ी राशि से उसने अपना कर्ज चुका दिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, नकदी और बैंक खाते में जमा राशि सहित कुल 20 लाख 85 हजार 200 रुपये का माल बरामद किया है।
मुख्य बरामदगी में शामिल:
सोने के जेवरात: ₹12.28 लाख
चांदी के जेवर (440 ग्राम): ₹1.01 लाख
नकद राशि: ₹4.57 लाख
बैंक खाते में फ्रीज राशि: ₹2.98 लाख
इस कार्रवाई में थाना आमला पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की है कि घरों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।









