
संवाददाता -चंदा कुशवाह
नलखेड़ा। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर नलखेड़ा नगर में आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। नगर के प्राचीन गुप्तेश्वर महादेव मंदिर से भगवान शिव की भव्य बारात धूमधाम के साथ निकाली गई, जिसने पूरे नगर का भ्रमण किया।
बारात मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर मुख्य मार्गों से होती हुई विभिन्न वार्डों में पहुंची। शोभायात्रा के दौरान ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजों और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से वातावरण गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर बाबा का स्वागत किया। कई स्थानों पर स्वागत मंच बनाकर आरती और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई।
सुबह प्रातःकालीन फेरी के माध्यम से भी भगवान की सवारी नगर भ्रमण पर निकली, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। नगरवासियों ने अपने-अपने प्रतिष्ठानों और घरों के सामने सजावट कर श्रद्धा प्रकट की।
महाशिवरात्रि पर्व को लेकर नगर में विशेष उत्साह दिखाई दिया। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए प्रशासन की ओर से भी आवश्यक इंतजाम किए गए थे। संपूर्ण आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।
नलखेड़ा में प्रतिवर्ष महाशिवरात्रि पर आयोजित होने वाली यह परंपरागत शिव बारात इस वर्ष भी भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुई, जिसे देखने के लिए नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंचे।








