जम्मू कश्मीर में बस खाई में गिरी, हादसे में 38 की मौत।
42 सीटर बस में भरे थे 55 यात्री, अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरी बस। ओवरटेक करने के लिए दो बसों से लगी होड़ बनी भीषण हादसे की वजह।
संतोष सिंह तोमर
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में बुधवार दोपहर को बड़ी दर्दनाक खबर निकल कर सामने आई है। यात्रियों से खचाखच भरी एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में अब तक 38 यात्रियों की जान चली गई, जबकि हादसे में 17 यात्री घायल हैं। इनमें से कई यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है। चार घायलों को जीएमसी जम्मू के लिए एयरलिफ्ट किया गया। घटनास्थल पर कोहराम मच गया। मृतकों की संख्या में इजाफा हो सकता है।
जानकारी के अनुसार, डोडा जिले के बग्गर इलाके के त्रांगल में बुधवार दोपहर यह दर्दनाक हादसा हुआ। यहां एक बस अनियंत्रित होकर करीब 300 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे का शिकार हुई बस किश्तवाड़ से जम्मू की तरफ जा रही थी। दर्दनाक हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। साथ ही पुलिस को भी सूचना दी। घायलों को इलाज के लिए जीएमसी डोडा ले जाया गया है। इनमें से भी कुछ की हालत गंभीर है। ऐसे में मरने वालों का आंकड़ा और भी बढ़ सकता है
पता चला है कि बस क्रमांक JK-02 CN-6555 बस में 55 लोग सवार थे। बस किश्तवाड़ से जम्मू जा रही थी। बटोत-किश्तवाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर त्रुंगल-अस्सार के पास बस अनियंत्रित होकर 300 फीट खाई में गिर गई।
चालक की लापरवाही बनी हादसे की वजह
शुरुआती जानकारी में पता चला है कि यह बस 42 सीटर थी, लेकिन इसमें 55 यात्रियों को बिठाया गया था। बस रास्ते पर दौड़ते हुए दो अन्य बसों को ओवरटेक कर रही थी। तीनों बसों में आगे निकलने की होड़ मची थी। इसी बीच यह बस बेकाबू होकर खाई में गिर गई और बड़ा हादसा हो गया। ऊंचाई से गिरने की वजह से बस के परखच्चे उड़ गए। जिस जगह पर यह भीषण हादसा हुआ, वहां से एक सड़क गुजरी है, जिसके मोड़ पर गहरी खाई है। ऐसे में अनुमान है कि मोड़ पर ड्राइवर से बस अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी।
पीएम मोदी-उपराज्यपाल ने हादसे पर जताया दुख
जम्मू कश्मीर के डोंडा में हुए भीषण बस हादसे में जान गवाने वाले सभी लोगों की दर्दनाक मौत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दुख जताया है। जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने भी हादसे दुख प्रकट किया है।
मृतकों को दो लाख, घायलों को 50 हजार की मदद
पीएम मोदी ने एक्स पर कहा कि “जम्मू-कश्मीर के डोडा में हुई बस दुर्घटना दुखद है। उन परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। उन्होंने घोषणा करते हुए लिखा कि प्रत्येक मृतक के परिजन को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी और प्रत्येक घायल को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जताया दुख
वहीं, गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, “जम्मू-कश्मीर के डोडा में एक दुखद बस दुर्घटना के कारण बहुमूल्य जिंदगियों के नुकसान के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। स्थानीय प्रशासन बचाव अभियान चला रहा है। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।” मृतक और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना करता हूं।”
लोगों की मौत से बहुत दुखी हूं:- मनोज सिन्हा
जम्मू और कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा,”डोडा में एक दुखद बस दुर्घटना में लोगों की मौत से बेहद दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं और दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रभावितों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए डिव कॉम और जिला प्रशासन को निर्देशित किया गया है।”
21 मृतकों की अभी तक हुई पहचान
डोडा बस हादसे में मारे गए 36 लोगों में से अभी तक 21 लोगों की पहचान हो पाई है। डोडा जिला प्रशासन ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया है। अफवाहों से बचने और सटीक जानकारी और सहायता के लिए नंबर जारी किए हैं। प्रशासन ने कहा कि लोग इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
01996233337 (डीसी कार्यालय डोडा)
01996233465 (एएच जीएमसी डोडा)
18001807122 (टोल फ्री नंबर)
9906320997, 9596776203 (नियंत्रण कक्ष)