कनोजिया शिव मंदिर से 30 कावड़ियों का जत्था ओंकारेश्वर के लिए रवाना, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत।
A group of 30 Kavadias left for Omkareshwar from Kanojia Shiva Temple, received a grand welcome at various places.
हरिप्रसाद गोहे
आमला। पवित्र सावन मास के अवसर पर क्षेत्र की खुशहाली और मंगल कामना को लेकर ग्राम कनोजिया स्थित प्राचीन शिव मंदिर से 30 कावड़ियों का जत्था बुधवार को ओंकारेश्वर के लिए रवाना हुआ। कावड़िए ओंकारेश्वर से पवित्र जल लेकर पदयात्रा कर लौटेंगे।

यात्रा का शुभारंभ ग्राम सरपंच रेवती शिवाल गंगारे के नेतृत्व में किया गया। सरपंच ने शिव मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर सभी कावड़ियों को अंगवस्त्र भेंट किए। साथ ही उन्हें पुष्पगुच्छ और पुष्पमाला पहनाकर यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके बाद जत्थे ने ग्राम की कुल देवी मंदिर तक पदयात्रा कर माथा टेका।

कनोजिया से रवाना होने के बाद कावड़ियों का जत्था आमला पहुंचा। यहां नगर के व्यस्ततम चौराहा जनपद चौक पर पटेल सुखदेव नारे, शिवाल गंगारे के नेतृत्व में ढोलेवार कुनबी समाज के सदस्यों और नगरवासियों ने कावड़ियों का पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। हाथों में धार्मिक ध्वज और कंधों पर सजी कावड़ लेकर चल रहे शिवभक्त श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए थे।

कावड़ियों ने बताया कि यह उनकी लगातार तीसरी कावड़ यात्रा है। इस बार वे भगवान भोलेनाथ से क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि की कामना करते हुए ओंकारेश्वर जा रहे हैं। यात्रा के दौरान मार्ग में भी कई स्थानों पर ग्रामीणों द्वारा कावड़ियों का स्वागत किया गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामवासी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।









