ASI commits suicide by shooting himself in Bhopal police line
राजधानी भोपाल के नेहरू नगर पुलिस लाइन में अपने सरकारी आवास में सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) योगेन्द्र यादव ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस आयुक्त सहित पुलिस के अन्य आला अधिकारी घटना स्थल पहुंच गए हैं। कमला नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। एएसआई ने अपने निवास पर रखी स्वयं की 315 बोर की रायफल से आत्महत्या की है।
कमला नगर पुलिस के अनुसार 55 वर्षीय योगेन्द्र यादव एससआई थे और कुछ सालों से नगरीय पुलिस यातायात जोन-4 में पदस्थ थे। उनकी पत्नी को कुछ समय से कैंसर की बीमारी है। पत्नी के कैंसर का इलाज भी चल रहा है, लेकिन उनके स्वास्थ्य में सुधार नहीं हो रहा। पत्नी की कैंसर की बीमारी के चलते योगेन्द्र यादव कुछ माह से डिप्रेशन में चल रहे थे। यह जानकारी उनके घर वालों ने पुलिस अधिकारियों को भी दी थी।
आज सुबह करीब नौ बजे उन्होंने अपने कमरे में निजी 315 बोर की रायफल से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज के बाद परिजन उनके कमरे में पहुंचे तो वे खून से लथपथ पड़े हुए थे। पड़ोसियों की मदद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी परिजनों से चर्चा कर घटना के संबंध में जानकारी जुटा रहे हैं।









