Chief Minister reached Parshuram birthplace Janapav, addressed the gathering after darshan
परशुराम जयंती पर मुख्यमंत्री पहुंचे जानापाव, दर्शन-पूजन कर सभा को किया संबोधित।
महू, खरगोन। भगवान परशुराम की जन्मस्थली जानापाव पहाड़ी पर शुक्रवार को भगवान परशुराम का प्रकटोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर पिछले पांच दिनों से चल रहे यज्ञ में पूर्णाहुति दी गई।
आयोजन में शामिल होने के लिए मप्र के मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव जानापाव पहुंचे। मुख्यमंत्री के साथ ही मप्र भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा भी जानापाव पहुंचे।
मुख्यमंत्री यादव हेलीकाॅप्टर से नेट्रेक्स पर उतरे। वहां से वे जानापाव पहुंचे। मुख्यमंत्री जानापाव में करीब 55 मिनट रुके। इस दौरान यज्ञ में पूर्णाहुति देने के साथ ही उन्होंने भगवान परशुराम के पुराने और नए मंदिर में दर्शन किए।
LIVE : धार के जानापाव में मुख्यमंत्री @DrMohanYadav51 एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री @vdsharmabjp की जनसभा।https://t.co/UmB3EubWZx
— BJP Madhya Pradesh (@BJP4MP) May 10, 2024
इसके साथ ही सीएम ने यहां सभा को भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री डाॅ मोहन यादव ने सभा को संबोधित करते हुए परशुराम द्वारा श्रीकृष्ण को सुदर्शन चक्र देने का प्रसंग बताया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जब युद्ध लड़ने जा रहे थे तब उनके पास कोई हथियार नहीं था। तब ऋषि सांदीपनी ने श्रीकृष्ण से कहा कि आप भगवान परशुराम जी के पास जाओ वह आपको युद्ध में लड़ने के लिए हथियार देंगे। तब वह जानापाव आए और भगवान परशुराम ने उन्हें सुदर्शन चक्र दिया।
उन्होंने कहा कि अब भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार चुनाव आचार संहिता के बाद जहां भी श्रीकृष्ण और भगवान राम की लीलाएं या घटना घटित हुई हैं उसे तीर्थ स्थल के रूप में विकसित करने के लिए योजना बनाएगी।
मुख्यमंत्री के साथ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विधायक उषा ठाकुर, विधायक रमेश मेंदोला, विधायक गोलू शुक्ला, जिला अध्यक्ष चिंटू वर्मा आदि मौजूद रहे। सीएम जानापाव से रवाना होकर मंडलेश्वर में रोड शो में शामिल हुए।






