संगठन को नई दिशा: रोहित सकलेचा ने संभाली नलखेड़ा मंडल अध्यक्ष की कमान
New direction to the organization: Rohit Saklecha took over as Nalkheda Mandal President
चंदा कुशवाह (संवाददाता)
नलखेड़ा। भारतीय जनता पार्टी संगठन में नलखेड़ा मंडल को नई ऊर्जा और दिशा देते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल ने सुसनेर विधानसभा के नलखेड़ा मंडल के नए मंडल अध्यक्ष के रूप में रोहित सकलेचा की नियुक्ति की है। यह निर्णय सामने आते ही पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने ढोल-ढमाकों और फूल मालाओं के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।
रोहित सकलेचा अपने सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और संगठन के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते हैं। लंबे समय से वे पार्टी की विचारधारा को घर–घर तक पहुंचाने और युवा कार्यकर्ताओं को जोड़ने में सक्रिय रहे हैं। उनकी नियुक्ति को संगठन में नई ऊर्जा के रूप में देखा जा रहा है।
मंडल अध्यक्ष बनने के बाद रोहित सकलेचा ने सबसे पहले मां बगलामुखी मंदिर में जाकर माता के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। वहां उन्होंने नलखेड़ा के विकास और पार्टी की मजबूती के लिए संकल्प लिया। इसके पश्चात उन्होंने अपने गुरुदेव महामंडलेश्वर संदीपेंद्र जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।
रोहित सकलेचा ने कहा—
“यह पद मेरे लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। मैं संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को जोड़ने और नलखेड़ा के विकास कार्यों को गति देने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करूंगा।”
कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन की नई दिशा बताते हुए कहा कि सकलेचा के नेतृत्व में पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
स्थानीय नागरिकों ने भी उनके चयन को सराहनीय बताते हुए कहा कि वे हर वर्ग के लोगों से जुड़े हुए हैं और हमेशा सेवा भाव के साथ उपलब्ध रहते हैं।
नगर व क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों, युवा कार्यकर्ताओं, व्यापारियों और समाजसेवियों ने भी रोहित सकलेचा को शुभकामनाएं प्रेषित की।