Newly appointed office-bearers of the City Congress received a grand welcome and pledged to strengthen the organization at the grassroots level.
- संतोषी माता मंदिर परिसर में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में हुआ सम्मान समारोह, “जय कांग्रेस” के नारों से गूंजा माहौल।
हरिप्रसाद गोहे
आमला। कांग्रेस जिला अध्यक्ष एवं बैतूल के पूर्व विधायक निलय विनोद डागा द्वारा आमला नगर कांग्रेस कमेटी के गठन के बाद संगठन को नई ऊर्जा देने की दिशा में गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में ब्लॉक प्रभारी नीरज सोनी, नगर प्रभारी एवं पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष साबिर शाह के मार्गदर्शन तथा नगर कांग्रेस अध्यक्ष अजय तोर सिंह सोलंकी की अनुशंसा पर गठित नई टीम के सम्मान में गुरुवार को संतोषी माता मंदिर स्थित पूर्व पार्षद सुनील उईके के निवास पर भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया।

पुष्पहार और गुलदस्ते से हुआ स्वागत
कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 9 की पार्षद एवं यूथ कांग्रेस जिला महासचिव कुमारी खुशबू विजय अतुलकर ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का पुष्पहार पहनाकर और गुलदस्ता भेंट कर अभिनंदन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर जनता के मुद्दों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और एकजुटता का माहौल देखने को मिला।

वरिष्ठ नेताओं ने दिए संगठन विस्तार के निर्देश
स्वागत समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष नितिन गाडरे, वरिष्ठ कांग्रेसी अधिवक्ता रमेश दामले, नगर प्रभारी साबिर शाह, ब्लॉक प्रभारी नीरज सोनी, पूर्व पार्षद विजय अतुलकर, रेखा कनौजिया, शैलेंद्र खातरकर, वरिष्ठ कांग्रेसी अकरम खान, राशिद खान, विश्वकर्मा समाज कांग्रेस अध्यक्ष गोलू डांगरे तथा जिला महासचिव सनी सोलंकी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है। नेताओं ने नवगठित टीम से संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने, हर वार्ड में संपर्क अभियान चलाने और आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में आपसी एकजुटता और संगठन विस्तार को लेकर विस्तार से चर्चा भी हुई।

नवनियुक्त पदाधिकारियों ने लिया कार्य का संकल्प
समारोह में श्रीमती रेखा दिलीप भारके, हरिप्रसाद गोहे, अधिवक्ता यशपाल सिंह ठाकुर, पूर्व पार्षद अनिल उईके, रमजान खान, धर्मेश अतुलकर, दीपक बेलजी, कमलेश मकोड़े, जितेश वाईकर और ओमप्रकाश शेषकर सहित सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान किया गया। इस मौके पर सभी पदाधिकारियों ने कांग्रेस पार्टी को मजबूत बनाने, संगठन के लिए समर्पित होकर कार्य करने और जनता की आवाज बनने का संकल्प लिया।अंत में पार्षद खुशबू विजय अतुलकर ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए वरिष्ठ नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन “जय कांग्रेस” के गगनभेदी नारों के साथ हुआ, जिससे पूरा परिसर कार्यकर्ताओं के उत्साह से गूंज उठा।










