हरियाणा के नूंह में फिर तनाव! कुआं पूजने जा रहीं महिलाओं पर किया गया पथराव।
Tension again in Nuh of Haryana! Stones were pelted at women going to worship the well.

सांप्रदायि विवाद से फिर सुर्खियों में आया हरियाणा का नूंह। पहले भी धार्मिक यात्रा पर किया था उपद्रवियों ने पथराव।
संतोष सिंह तोमर
नई दिल्ली। हरियाणा के नूंह में गुरुवार को एक बार फिर से एक समुदाय विशेष द्वारा पूजा करने जा रही महिलाओं पर पथराव की खबर सामने आई। बताया जा रहा है कि कुआं पूजन के कार्यक्रम में जा रही महिलाओं पर कुछ लोगों ने अचानक से पथराव कर दिया। गौशाला रोड स्थित कैलाश मंदिर के पास महिलाओं पर पथराव हुआ है। जिसके बाद दो समुदाय आमने-सामने हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। खुद नूंह एसपी नरेंद्र सिंह बिजरानिया मौके पर मौजूद हैं और आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने की कोशिश कर रहे हैं। इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है
घटना गुरुवार करीब साढ़े 8 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक गुरुवार को हेमंत पुत्र दयाराम के बेटे का कुआं पूजन था। गुरुवार शाम करी साढ़े आठ बजे नूंह शहर के वार्ड नंबर 5, कबीर मोहल्ले की महिलाएं कुआं पूजन के लिए बड़ी मस्जिद के पीछे से जा रही थीं, तभी उनके ऊपर मस्जिद की छत से पत्थर फेंके जाने लगे। महिलाओं ने फेंके गए पत्थरों को नजरअंदाज कर दिया और वह कुआं पूजने के लिए कैलाश मंदिर के लिए चल दीं। जब कुआं पूजने के बाद महिलाएं वापस आ रही थीं, तभी फिर से उनके ऊपर पथराव किया जाने लगा।

बड़ी मस्जिद के पास भारी पुलिस बल तैनात
महिलाओं ने परिजनों को फोन कर बताया कि बड़ी मस्जिद के ऊपर से उनके ऊपर पथराव किया जा रहा है। इस बात को सुनकर कबीर मोहल्ले के लोग बड़ी मस्जिद के पास पहुंच गए और वहां से पत्थर फेंकने वालों की फोटो खींचने लगे। फोटो खींच रहे लोगों पर भी मस्जिद से उपद्रवियों द्वारा पत्थर फेंके गए, जिसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी नरेंद्र सिंह बिजरानिया दल-बल के साथ बड़ी मस्जिद पहुंच गए और मस्जिद के चारों तरफ भारी पुलिस बाल लगा दिया।
एसपी ने मस्जिद के मुफ्ती को लगाई फटकार
वहीं बड़ी मस्जिद के इंचार्ज मुफ्ती जाहिद हुसैन को एसपी नरेंद्र सिंह बिजरानिया ने मस्जिद से बाहर बुलाया और जमकर फटकार लगाई। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि जिन लोगों ने महिलाओं के ऊपर पथराव किया है, उन लोगों को या तो अपने आप लेकर आओ नहीं तो मैं अपने तरीके से लेकर जाऊंगा। एसपी ने मुफ्ती जाहिद हुसैन से सख्त लहजे में कहा कि सड़क की तरफ से जो मस्जिद के दरवाजे निकाल रखे हैं, इनको बंद किया जाए। यह जो हो रहा है, वह बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पथराव करने वालों पर मुकदमा होगा दर्ज:- एसपी
एसपी नरेंद्र सिंह बिजरानिया ने बताया कि कबीर मोहल्ले में रामावतार के घर कुआं पूजन का कार्यक्रम था, जिसको लेकर महिलाएं कुआं पूजने गईं थी, तभी उनके ऊपर बड़ी मस्जिद के पास पथराप कर दिया गया। वहीं मौके पर अभी स्थिति सामान्य है। तनाव को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। जिन लोगों ने पथराव किया है, उनके खिलाफ अपराधिक मामला दर्ज किया जाएगा।
ब्रजंमडल यात्रा के दौरान भी फैली थी हिंसा
इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया है। कुछ महीने पहले ही यहां भारी हिंसा हुई थी, जिसमें एक मौलवी समेत छह लोगों की जान चली गई थी। हम आपको बता दें की इसी वर्ष विहिप ने नूंह में ब्रजमंडल यात्रा का आयोजन किया था, जिस पर बड़े पैमाने पर हमला किया गया था। उपद्रवियो ने इस यात्रा में शामिल लोगों की दर्जनों गाड़ियां जला दी थीं। साथ ही उन पर गोलियों और धारदार हथियारों से भी हमला किया था। इसकी प्रतिक्रिया में गुरुग्राम और फरीदाबाद में दंगे भड़क उठे थे, जिसमें कई लोगों की जान चली गई थी। उसके बाद पुलिस ने जब दंगाइयों पर नकेल कसी तो इलाके में धीरे-धीरे शांति आने लगी थी, लेकिन अब फिर हालात खराब करने की कोशिश की गई है।