Strict RTO action at Deendayal Bus Stand: 13 vehicles challaned, 1 seized

विशेष संवाददाता जितेन्द्र श्रीवास्तव /अर्पिता श्रीवास्तव
जबलपुर। जिले में यात्री सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए दीनदयाल बस स्टैंड पर बड़ा अभियान चलाया। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर क्षेत्रीय परिवहन विभाग की टीम ने असुरक्षित और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की।
संभागीय परिवहन अधिकारी रिंकू शर्मा के नेतृत्व में चलाए गए इस सघन जांच अभियान के दौरान कुल 13 वाहनों में अनियमितताएं पाई गईं, जिन पर ₹12,500 का चालान किया गया। वहीं आवश्यक दस्तावेज नहीं होने पर एक वाहन को जब्त कर आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू की गई है।

उड़न दस्ता प्रभारी राजेंद्र साहू ने साफ कहा कि यात्री सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संकेत दिए कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, जिससे नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।

इस कार्रवाई में परिवहन उप निरीक्षक अक्षय पटेल, आरक्षक अशोक खापर्डे, इम्तियाज हुसैन, राजेंद्र पटेल, नवल स्टारकी, शंकर झरिया, आकाश अग्रवाल सहित पूरी टीम सक्रिय रही।
प्रशासन का संदेश साफ है — नियम तोड़ोगे तो कार्रवाई तय है।









