A colourful event was organised at Paradise School on Guru Purnima, teachers were honoured along with Saraswati puja.
हरिप्रसाद गोहे
आमला। आज बुधवार गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर स्थानीय पैराडाइज हायर सेकेंडरी स्कूल में भक्ति और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। विद्यालय परिसर में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ मां सरस्वती का पूजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां सरस्वती के पूजन से हुई। शाला के प्राचार्य अनुराग मालवीय ने बताया विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सामूहिक स्वर में मां सरस्वती की आराधना कर ज्ञान प्राप्ति और उज्जवल भविष्य की कामना की। इस दौरान एक छात्रा ने मां सरस्वती का रूप धारण किया, वहीं अन्य छात्र ने गुरु का वेश धारण कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। गुरु-शिष्य परंपरा को नमन करते हुए बच्चों ने अपने गुरुओं का तिलक लगाकर, पुष्प भेंट कर सम्मान किया और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिया।

इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती आशा विश्वकर्मा ने अपने मधुर स्वर से मां सरस्वती की वंदना प्रस्तुत की, जिसे सभी ने सराहा। शिक्षकों ने भी बच्चों को ज्ञान के मार्ग पर चलने और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही सभी बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की गई।वहीं विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में संस्कार और गुरु के प्रति आदर भाव बढ़ाने के उद्देश्य से किए जाते हैं।








