लाखों की लागत से बन रही सीसी नाली में अनियमितता के आरोप, तकनीकी मापदंड दरकिनार, जांच की मांग ।
Allegations of irregularities in the construction of a CC drain costing lakhs, ignoring technical standards, demand for investigation. हरिप्रसाद गोहे आमला। नगर पालिका परिषद आमला द्वारा शहर में लाखों रुपए की लागत से कराए जा रहे सीसी नाली निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। रुद्र कंपनी के ठेकेदार द्वारा निर्धारित तकनीकी मापदंडों को दरकिनार कर निर्माण किया जा रहा है। स्थानीय लोगों और सूत्रों का कहना है कि उक्त नाली निर्माण कार्य अप्रशिक्षित पेटी कॉन्ट्रैक्टर के माध्यम से कराया जा रहा है। निर्माण में ले-आउट और मापदंडों का पालन नहीं किया जा रहा। वन विभाग गेट के पास निर्माणाधीन नाली स्पष्ट रूप से ले-आउट से बाहर दिखाई दे रही है, जो जांच का विषय है। आरोप है कि नगर पालिका के उपयंत्री और ठेकेदार की साठगांठ से गुणवत्ता विहीन और घटिया नाली निर्माण को अंजाम दिया जा रहा है। खास बात यह है कि शहर में चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारी भी दूरी बनाए हुए हैं। पूर्व में नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में संबंधित ठेकेदार को दिए गए निर्देश भी बेअसर साबित हो रहे हैं। इसके बावजूद ठेकेदार द्वारा बदस्तूर घटिया निर्माण कार्य जारी है। स्थानीय नागरिकों ने सवाल उठाया है कि क्या नाली निर्माण कार्य में सुधार होगा या इसी तरह गुणवत्ता से समझौता कर काम चलता रहेगा। फिलहाल निर्माण स्थल पर वन विभाग गेट के पास दोनों छोर की नाली निर्माण कार्य में ले-आउट से हटकर काम स्पष्ट दिखाई दे रहा है। मामले में प्रशासनिक जांच की मांग उठ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नाली निर्माण कार्य में पारदर्शिता नहीं आई तो वे कलेक्टर से शिकायत करेंगे।