Dispute between public representative and police station in-charge in Nalkheda, district member complains to SP
- थाना प्रभारी शशि उपाध्याय पर गाली-गलौज, धमकी और अभद्र व्यवहार के आरोप; CCTV फुटेज से जांच की मांग
संवाददाता: चंदा कुशवाहा
आगर-मालवा (नलखेड़ा)। नलखेड़ा थाना प्रभारी शशि उपाध्याय पर ग्राम गुराड़िया निवासी एवं जनपद पंचायत नलखेड़ा के वार्ड क्रमांक 12 के जनपद सदस्य शंकर चौधरी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। शंकर चौधरी ने 20 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक आगर-मालवा को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
मां बगलामुखी मंदिर की यज्ञशाला में हुआ घटनाक्रम
शिकायत के अनुसार, 19 सितंबर 2026 को मां बगलामुखी मंदिर की यज्ञशाला में शंकर चौधरी मौजूद थे। इसी दौरान थाना प्रभारी शशि उपाध्याय से उनकी बातचीत हुई। चौधरी का आरोप है कि बातचीत के दौरान थाना प्रभारी द्वारा उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग और गाली-गलौज की गई तथा उन्हें कथित रूप से मारपीट करने और अंदर डालने की धमकी दी गई।
CCTV फुटेज से जांच की मांग
शंकर चौधरी ने अपनी शिकायत में कहा है कि घटनास्थल पर CCTV कैमरे लगे हुए हैं और संबंधित फुटेज से पूरे घटनाक्रम की वास्तविकता स्पष्ट हो सकती है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से CCTV फुटेज को सुरक्षित करवाकर उसके आधार पर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
जनप्रतिनिधि की गरिमा प्रभावित होने का आरोप
शिकायत में शंकर चौधरी ने कहा है कि थाना प्रभारी के कथित व्यवहार से उन्हें मानसिक एवं सामाजिक रूप से आघात पहुंचा है। उन्होंने इसे जनप्रतिनिधि के पद की गरिमा के विपरीत बताते हुए मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है।
लखुंदर नदी में कूदकर जान देने की बात का उल्लेख
शिकायत में शंकर चौधरी ने यह भी उल्लेख किया है कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं होती है और उनके सम्मान को ठेस पहुंचती है, तो वे लखुंदर नदी में कूदकर अपनी जान देने जैसा कदम उठा सकते हैं। उन्होंने इस स्थिति के लिए थाना प्रभारी शशि उपाध्याय को जिम्मेदार ठहराने की बात शिकायत में लिखी है।
मामला गंभीर, समय रहते निष्पक्ष जांच की मांग
जनप्रतिनिधि द्वारा आत्महत्या जैसा कदम उठाने की बात शिकायत में लिखे जाने के बाद मामला और संवेदनशील हो गया है। यदि विवाद के चलते शंकर चौधरी द्वारा कोई अप्रिय कदम उठाया जाता है, तो यह उनके परिवार के साथ-साथ नलखेड़ा क्षेत्र के लिए भी गंभीर क्षति और चिंता का विषय होगा। ऐसे में मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए शिकायत में बताए गए तथ्यों और उपलब्ध CCTV फुटेज की निष्पक्ष जांच महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
शंकर चौधरी ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की जांच कर तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।









