Day: March 20, 2025
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से प्रसिद्ध कथावाचक देवी चित्रलेखा की सौजन्य भेंट
रायपुर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज उनके निवास कार्यालय में सुविख्यात कथावाचक देवी चित्रलेखा ने सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री साय ने उन्हें शॉल एवं श्रीफल भेंटकर आत्मीय सम्मान प्रदान किया। प्रेरक कथाओं और भक्ति प्रवचनों के लिए विख्यात देवी चित्रलेखा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की और जनकल्याण के लिए अपनी शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। मुख्यमंत्री साय ने देवी चित्रलेखा के आध्यात्मिक एवं सामाजिक योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके विचार और प्रवचन समाज को जागरूक करने के साथ नैतिक मूल्यों को भी सशक्त करते हैं। उन्होंने देवी चित्रलेखा जी की भूमिका को समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाली बताते हुए कहा कि उनके प्रयास जनमानस के लिए प्रेरणादायी हैं। इस अवसर पर दोनों के बीच आध्यात्मिक चेतना के प्रसार, सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा और समाज में समरसता को प्रोत्साहित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।
रेलवे शिक्षक भर्ती: निशुल्क आदेवन, बिना परीक्षा सीधे इंटरव्यू
भोपाल मध्य प्रदेश में रेलवे शिक्षक के विभिन्न पदों पर भर्ती निकली है। इन पदों पर अभ्यर्थियों का चयन इंटरव्यू के आधार पर होगा। सिलेक्शन के बाद 21500 से 27500 तक सैलरी मिलेगी। आवेदन ऑफलाइन माध्यम से साक्षात्कार तिथि के दिन जमा करना होगा। रेलवे शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत पीआरटी (PRT), टीजीटी (TGT) और पीजीटी (PGT) के पदों पर भर्ती निकली है। इन पदों के लिए साक्षात्कार 24, 25, 26 और 28 मार्च 2025 को आयोजित होगा। अभ्यर्थी का इंटरव्यू के आधार पर चयन किया जाएगा। इस भर्ती के लिए आवेदन आफलाइन माध्यम से साक्षात्कार के दिन जमा होंगे। कैसे करें आवेदन अभ्यर्थी अपनी पात्रता स्वयं जांचने के बाद वॉक-इन-इंटरव्यू के लिए निर्धारित दिनांक पर दिए गए प्रारूप में आवेदन, आवश्यक मूल और स्वसत्यापित प्रमाणपत्रों सहित संबंधित स्कूलों में उपस्थित हो। इससे जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए नोटिफिकेशन को अच्छी तरह से पढ़ें। साक्षात्कार मध्य प्रदेश रेलवे शिक्षक भर्ती के लिए साक्षात्कार की तारीख 24, 25, 26 और 28 मार्च 2025 है। ये भी पढ़ें: Sarkari Naukri 2025: असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए बंपर भर्ती, 26 मार्च तक आवेदन करने का मौका, यहां देखें पूरी जानकारी आवेदन शुल्क इन पदों पर सभी वर्गों के लिए आवेदन निशुल्क है। आयु सीमा आयु सीमा 18 वर्ष से 65 वर्ष के बीच होनी चाहिए। योग्यता PRT (प्राथमिक शिक्षक) – न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ सीनियर सेकेंडरी (12वीं) और प्रारंभिक शिक्षा में 2 वर्षीय डिप्लोमा अथवा संबंधित डिग्री-डिप्लोमा। TGT (प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक) – स्नातक डिग्री और बीएड के साथ न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक जरूरी है। PGT (स्नातकोत्तर शिक्षक): संबंधित विषय में स्नातकोत्तर डिग्री और बीएड आवश्यक है। सैलरी रेलवे शिक्षक भर्ती में चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 21,500 से 27,500 रुपये मिलेंगे, जो पद के अनुसार निर्धारित रहेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने गुरु के घर पहुँच कर लिया आशीर्वाद
उज्जैन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को उज्जैन में गुरू (प्रोफेसर) कैलाश चंद्र शील के निवास पहुँचकर उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मान भी किया। प्रोफेसर शील ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को आशीर्वाद देते हुए कहा कि उनके शिष्य मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री हैं, उनकी साधना सफल हुई है। आज मुख्यमंत्री डॉ. यादव से मिलकर उन्हें अत्यधिक हर्ष और गर्व का अनुभव हो रहा है।
विधानसभा का बजट सत्र के बाद मध्यप्रदेश में होने जा रहे कई विभागों में तबादले, कई जिलों में कलेक्टर भी बदलेंगे
भोपाल विधानसभा का बजट सत्र 24 मार्च को समाप्त होने के बाद फिर तबादले होंगे। कुछ कलेक्टर बदले जाएंगे तो मंत्रालय स्तर पर भी वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में परिवर्तन होगा। विभागीय स्तर पर भी तबादले के प्रस्ताव तैयार हैं। स्कूल शिक्षा सहित अन्य विभागों में तबादले प्रस्तावित हैं। प्रदेश में वर्ष 2022 से सामान्य तबादलों पर प्रतिबंध लगाया गया है। प्रशासनिक आवश्यकता और विशेष परिस्थिति में मुख्यमंत्री समन्वय के माध्यम से तबादले के प्रविधान हैं। लेकिन इसमें होने वाले विलंब और लंबी प्रक्रिया को देखते हुए मंत्रियों को ये अधिकार दिए गए हैं कि वे प्रशासनिक आवश्यकता के साथ गंभीर बीमारी आदि की स्थिति में सीमित तबादले कर सकते हैं। विधानसभा सत्र और बजट की तैयारी के कारण ये तबादले भी नहीं हो पाए। विभागों में इसके प्रस्ताव तैयार हैं। सूत्रों का कहना है कि विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद तबादलों को अंतिम रूप दिया जाएगा। वहीं, प्रशासनिक आधार पर कुछ जिलों के कलेक्टर भी बदले जाएंगे। इसको लेकर मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव कार्यालय के स्तर पर तैयारी है। मंत्रालय में भी वरिष्ठ अधिकारियों के प्रभार में परिवर्तन किया जा सकता है।
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पीठ की चोट के कारण टूर्नामेंट के शुरुआती कुछ मैच में नहीं खेल पाएंगे: जयवर्धने
नई दिल्ली मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच महेला जयवर्धने ने जसप्रीत बुमराह की प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी के लिए कोई समय सीमा नहीं बताई। उन्होंने कहा कि इस तेज गेंदबाज की अनुपस्थिति इंडियन प्रीमियर लीग 2025 में उनकी टीम के लिए एक बड़ी चुनौती होगी। मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पीठ की चोट के कारण टूर्नामेंट के शुरुआती कुछ मैच में नहीं खेल पाएंगे, क्योंकि वह अभी बेंगलुरु में भारतीय क्रिकेट बोर्ड के ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ में ‘रिहैबिलिटेशन’ की प्रक्रिया में हैं। जयवर्धने ने बुधवार को मुंबई इंडियंस की सत्र पूर्व आयोजित प्रेस कांफ्रेस में कहा, ‘‘जसप्रीत बुमराह एनसीए में हैं। हमें बुमराह के बारे में उन पर फीडबैक का इंतजार करना होगा। फिलहाल सब ठीक चल रहा है, दिन-प्रतिदिन प्रगति हो रही है।” मुंबई के कोच ने कहा, ”वह अच्छी स्थिति में हैं। पर उनका नहीं खेलना भी टीम के लिए एक चुनौती है। वह दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज हैं।” जनवरी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में अंतिम टेस्ट में वह दूसरी पारी में गेंदबाजी नहीं कर सके थे जिसके बाद से वह बाहर हैं और मेजबान टीम ने 162 रन का पीछा करते हुए 3-1 से सीरीज जीत ली थी। बुमराह की वापसी पर अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं लेकिन मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने कहा कि ड्रेसिंग रूम में 30 साल के इस अनुभवी खिलाड़ी की मौजूदगी से उन्हें मदद मिलेगी। बुमराह के अप्रैल के पहले हफ्ते में मुंबई के साथियों के साथ जुड़ने की उम्मीद है और वह टीम के साथ अपना ‘रिहैबिलिटेशन’ जारी रख सकते हैं। पांड्या ने कहा, ‘‘मैं भाग्यशाली हूं कि मेरे साथ तीन कप्तान खेल रहे हैं, रोहित (शर्मा), सूर्यकुमार (यादव) और बुमराह। वे हमेशा मेरा समर्थन करते हैं और जब भी मुझे किसी मदद की जरूरत होती है तो वे हमेशा मौजूद रहते हैं। ’’ मुंबई इंडियंस 23 मार्च को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अपना पहला मैच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेलेगा।
भारतीय रेलवे का बड़ा कदम, ट्रेन में अब जितनी सीटें होंगी उतने ही Tickets किए जाएंगे जारी
नई दिल्ली भारतीय रेलवे यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए लगातार काम कर रहा है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संसद में बताया कि रेलवे ट्रेनों में वेटिंग टिकट के यात्रियों को नियंत्रित करने के लिए एक बड़ा कदम उठा रहा है। अब से ट्रेन में जितनी सीटें उपलब्ध होंगी उतने ही टिकट जारी किए जाएंगे। इसका उद्देश्य यह है कि जिन यात्रियों के पास कन्फर्म टिकट है उन्हें वेटिंग टिकट वालों की वजह से कोई परेशानी न हो। रेलवे की बड़ी उपलब्धियां अश्विनी वैष्णव ने यह भी बताया कि मोदी सरकार के कार्यकाल में भारतीय रेलवे ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने जानकारी दी कि साल 2014 से पहले भारत में कुल 125 किलोमीटर लंबी टनल्स थीं जबकि अब तक 460 किलोमीटर नई सुरंगें बनाई जा चुकी हैं। इसके साथ ही भारतीय रेलवे के पास अब 56,000 जनरल और स्लीपर कोच हैं जबकि 23,000 एसी कोच हैं। कोलकाता मेट्रो का ऐतिहासिक विकास रेल मंत्री ने कोलकाता मेट्रो रेल प्रोजेक्ट की भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि 1972 में शुरू हुए इस प्रोजेक्ट में 2014 तक सिर्फ 28 किलोमीटर काम हुआ था लेकिन 2014 के बाद मोदी सरकार के कार्यकाल में 10 सालों में 38 किलोमीटर नया काम किया गया है। सुरक्षा पर विशेष ध्यान रेल मंत्री ने सुरक्षा के क्षेत्र में किए गए सुधारों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि रेलवे ने लंबी दूरी की ट्रेनों के लिए नए इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम, फॉग सेफ्टी डिवाइस और अन्य तकनीकी बदलाव किए हैं जिससे यात्रियों की सुरक्षा में सुधार हुआ है। रेलवे का बढ़ता निर्यात अश्विनी वैष्णव ने यह भी बताया कि भारतीय रेलवे अब एक बड़ा निर्यातक बन चुका है। भारत अब ऑस्ट्रेलिया को मेट्रो कोच, यूनाइटेड किंगडम, सऊदी अरब, और फ्रांस को रेल कोच और मैक्सिको, स्पेन, जर्मनी और इटली को ऑपरेशनल इक्विपमेंट्स का निर्यात कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही बिहार में बने लोकोमोटिव और तमिलनाडु में तैयार पहिए दुनियाभर में इस्तेमाल होंगे। इस तरह भारतीय रेलवे ने कई अहम सुधार और विकास कार्य किए हैं जो यात्रियों को बेहतर सेवा प्रदान करने के साथ-साथ दुनिया भर में भारतीय रेलवे को एक महत्वपूर्ण नाम बना रहे हैं।
सांस्कृतिक महक और व्यंजनों की विरासत के साथ 2 अप्रैल से शुरू होगा बुंदेली शेफ प्रतियोगिता का दूसरा संस्करण
भोपाल पांच करोड़ से अधिक दर्शकों तक पहुँच और 75 से अधिक सहयोगियों के साथ बुंदेलखंड के नंबर वन डिजिटल न्यूज़ प्लेटफार्म के रूप में कार्य कर रहे बुंदेलखंड 24×7 द्वारा आयोजित बुंदेली शेफ प्रतियोगिता का दूसरा संस्करण अपनी सांस्कृतिक महक और व्यंजनों की विरासत के साथ एक बार फिर परंपरा और नवाचार का संगम लेकर आ रहा है। प्रतियोगिता की शुरुआत 2 अप्रैल को होने वाले पहले ऑडिशन राउंड से होगी। पूरी तरह निःशुल्क इस प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले झाँसी में होगा, जबकि ऑडिशन, क्वार्टर फाइनल व सेमीफाइनल राउंड चैनल के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से लाइव आयोजित किए जायेंगे। मूल रूप से बुंदेलखंड से आने वाली महिलाएं देशभर के किसी भी कोने से प्रतियोगिता का हिस्सा बन सकती हैं। इस अनूठी पहल का उद्देश्य बुंदेलखंड की घरेलू महिलाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना है, जिससे वे अपनी पाक-कला को न केवल क्षेत्रीय बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान दिला सकें। कार्यक्रम की भव्यता को और अधिक बढ़ाते हुए जाने माने फिल्म अभिनेता व राजनेता राजा बुंदेला और सुप्रसिद्ध अभिनेत्री सुष्मिता मुखर्जी जैसी विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति भी देखने को मिलेगी। प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों को कड़े परीक्षणों और रोमांचक मुकाबलों के माध्यम से सम्पन्न किया जाएगा। प्रतियोगिता की शुरुआत के बाद, 9 अप्रैल को दूसरा ऑडिशन, 16 अप्रैल को क्वार्टर फाइनल, 30 अप्रैल को सेमीफाइनल और 11 मई को ग्रैंड फिनाले का आयोजन होगा। इन सभी चरणों में प्रतिभागियों की पाक कला को परखने के लिए अनुभवी जज सृष्टि त्रिपाठी और डॉ अतुल मालिकराम मौजूद रहेंगे। प्रतियोगिता को लेकर दामिनी गौर ने अपने विचार साझा करते हुए कहा, “बुंदेली शेफ प्रतियोगिता न केवल एक कुकिंग कॉम्पिटिशन है, बल्कि यह महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और अपनी कला को बड़े मंच पर प्रस्तुत करने का बेहतरीन अवसर भी है।” वहीं शिवांगी तिवारी ने कहा “यह प्रतियोगिता हर महिला को अपने भीतर छिपी शेफ को पहचानने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। यह आयोजन बुंदेली व्यंजनों की समृद्धि को दर्शाने का भी एक माध्यम है।” अपने पहले संस्करण की अपार सफलता के बाद बुंदेली शेफ प्रतियोगिता का यह दूसरा संस्करण नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक सार्थक कदम है, जो पारंपरिक पाक-कला को आधुनिकता का स्पर्श देकर बुंदेलखंड की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत बनाने का प्रयास कर रहा है।
BCCI की बैठक में महिला वनडे विश्व कप के लिए आयोजन समिति का गठन किया जाएगा, स्पॉन्सरशिप होगी बंद
नई दिल्ली भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई की शीर्ष परिषद की कोलकाता में 22 मार्च को होने वाली आपात बैठक में कुछ बड़े फैसले लिए जाने हैं। इस बैठक के दौरान महिला वनडे विश्व कप के लिए आयोजन समिति का गठन किया जाएगा। इसके अलावा इस साल होने वाले वैश्विक टूर्नामेंट के लिए वेन्यू का भी चयन किया जाएगा। बैठक गत चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के बीच ईडन गार्डंस पर होने वाले आईपीएल के पहले मैच के दौरान होगी । बीसीसीआई ने पिछली बार 2013 में महिला वनडे विश्व कप की मेजबानी की थी। बैठक के एजेंडे में महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 के लिए आयोजन समिति का गठन और टूर्नामेंट के आयोजन स्थलों पर चर्चा शामिल है। भारतीय टीम दो बार 50 ओवरों के विश्व कप के फाइनल में पहुंची, लेकिन जीत नहीं सकी। शीर्ष परिषद 2025-26 घरेलू सत्र के ढांचे को भी अंतिम रूप देगी। भारत को वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका की मेजबानी करनी है जिसके लिये मैचों के आयोजन स्थलों पर भी फैसला लिया जाएगा। नए पदाधिकारियों के आने के बाद बोर्ड के बैंक खातों पर हस्ताक्षर के लिए अधिकृत व्यक्ति के नाम को भी मंजूरी दी जाएगी। इस महीने की शुरूआत में स्वास्थ्य मंत्रालय ने बीसीसीआई से आईपीएल के दौरान सभी तरह के तंबाकू और शराब के प्रचार पर रोक लगाने के लिए कहा था। यह मसला भी बैठक में रखा जाएगा, जिसमें तंबाकू और क्रिप्टो करेंसी से जुड़े स्पॉन्सर भी शामिल हैं। उम्मीद है कि आने वाले महिला वैश्विक आईसीसी टूर्नामेंट में इस तरह के विज्ञापन कम से कम स्टेडियम में नहीं लगेंगे। आईपीएल 2025 से ही इसकी शुरुआत हो सकती है। आईपीएल में शायद ही स्टेडियम में तंबाकू, शराब, सट्टेबाजी और क्रिप्टो से जुड़े विज्ञापन नजर आएं। बीसीसीआई समेत बाकी खेल संघों को बीसीसीआई ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं।
आईपीएल 2025 में एक या दो नहीं, बल्कि 13 दिन आयोजित होगी ओपनिंग सेरेमनी, BCCI बना रही प्लान
नई दिल्ली अक्सर आईपीएल के किसी भी सीजन के पहले मैच से पहले ओपनिंग सेरेमनी आयोजित होती है, लेकिन इस बार भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई की प्लान कुछ अलग है। आईपीएल को 18 साल होने जा रहे हैं और इस अवसर पर बीसीसीआई सिर्फ आईपीएल 2025 के पहले मैच से पहले ओपनिंग सेरेमनी आयोजित नहीं करेगी, बल्कि आईपीएल के इस सीजन में जिस भी स्टेडियम में पहला-पहला मैच होगा, उस पहले-पहले मैच से पहले ओपनिंग सेरेमनी आयोजित होगी। बीसीसीआई दुनिया के प्रमुख फ्रेंचाइजी टूर्नामेंट के 18 साल के समापन के उपलक्ष्य में सभी 13 स्थलों पर विशेष समारोह आयोजित करेगी। आईपीएल 2025 का सेलिब्रेशन पूरे सत्र के दौरान जारी रहेगा, जिसमें हर एक स्टेडियम में पहले मैच की शुरुआत सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ होगी, जिसमें प्रमुख कलाकार प्रस्तुति देंगे। इस घटनाक्रम से अवगत एक सूत्र ने स्पोर्टस्टार को बताया, “हम टूर्नामेंट में और अधिक रंग भरना चाहते थे, ताकि हर जगह के दर्शक उद्घाटन समारोह का लुत्फ उठा सकें। हम हर जगह सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए हम राष्ट्रीय और स्थानीय कलाकारों की एक लाइन-अप बनाने की योजना बना रहे हैं।” IPL 2025 की शुरुआत कोलकाता नाइट राइडर्स वर्सेस रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ होगी। ये मैच 22 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जाएगा। इसे मुकाबले से पहले एक ओपनिंग सेरेमनी आयोजित होगी। इसकी पुष्टि क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल यानी सीएबी के चेयरमैन स्नेहाशीष गांगुली ने की है। उन्होंने कहा है कि इस मैच की टिकटों की डिमांड काफी ज्यादा है और लंबे समय के बाद कोलकाता में आईपीएल की ओपनिंग सेरेमनी होगी। केकेआर वर्सेस आरसीबी मैच से पहले 35 मिनट का शानदार उद्घाटन समारोह होगा, जिसमें मशहूर गायिका श्रेया घोषाल और अभिनेत्री दिशा पटानी के परफॉर्म करने की संभावना है। इस कार्यक्रम में आईसीसी के चेयरमैन जय शाह और अन्य गणमान्य लोगों के भी शामिल होने की संभावना है। स्नेहाशीष ने उद्घाटन समारोह के बारे में विस्तृत जानकारी देने से इनकार करते हुए कहा, “यह एक बड़ा मैच है, जिसके लिए टिकटों की मांग बहुत अधिक है। ईडन गार्डन्स में लंबे समय के बाद उद्घाटन समारोह आयोजित किया जा रहा है।”
पापमोचनी एकादशी पर कर लें तुलसी से उपाय, धन-संकट से मिलेगी मुक्ति
सनातन धर्म में प्रत्येक तिथि का विशेष महत्व होता है. उन्हीं में से एक एकादशी तिथि को शुभ और फलदायी माना गया है. इस दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा करने से सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, पापमोचनी एकादशी का व्रत करने से पापों से मुक्ति मिलती है और जीवन में किसी भी प्रकार का संकट नहीं आता. अगर आप लंबे समय से आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं, तो पापमोचनी एकादशी पर मां तुलसी की विशेष पूजा और कुछ उपाय करने से आर्थिक स्थिति में सुधार हो सकता है. यह उपाय धन की देवी मां लक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए बहुत प्रभावी माने जाते हैं. आइए जानते हैं पापमोचनी एकादशी 2025 की तिथि और तुलसी के कुछ विशेष उपाय. पापमोचनी एकादशी 2025 तिथि और शुभ मुहूर्त तिथि प्रारंभ– 25 मार्च 2025 को सुबह 05:05 बजे तिथि समाप्त– 26 मार्च 2025 को देर रात 03:45 बजे व्रत एवं पूजा का शुभ दिन- 25 मार्च 2025 आर्थिक संकट से मुक्ति के लिए यदि आप धन संबंधी परेशानियों का सामना कर रहे हैं, तो पापमोचनी एकादशी के दिन सुबह स्नान के बाद भगवान विष्णु और मां तुलसी की पूजा करें. तुलसी के सामने घी का दीपक जलाएं, विधिपूर्वक आरती करें और फल व मिठाई का भोग अर्पित करें. यह उपाय करने से आर्थिक तंगी दूर होती है और मां लक्ष्मी की कृपा प्राप्त होती है. संकटों से छुटकारे के लिए अगर जीवन में लगातार कठिनाइयां आ रही हैं, तो पापमोचनी एकादशी के दिन तुलसी के पौधे में गन्ने का रस अर्पित करें. ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, इस उपाय से सभी प्रकार के संकटों का नाश होता है और मनचाही सफलता प्राप्त होती है. मनोकामना पूर्ति के लिए जो लोग अपनी इच्छाओं की पूर्ति चाहते हैं, उन्हें एकादशी के दिन तुलसी के पौधे में जल अर्पित कर दीपक जलाना चाहिए. इसके बाद हल्दी चढ़ाने से मां लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं और जीवन में समृद्धि आती है. वैवाहिक जीवन सुखमय बनाने के लिए यदि दांपत्य जीवन में समस्याएं चल रही हैं, तो पापमोचनी एकादशी पर तुलसी को सोलह श्रृंगार की वस्तुएं अर्पित करें और फिर इन्हें सुहागिन महिलाओं को दान करें. यह उपाय पति-पत्नी के रिश्ते को मधुर और मजबूत बनाता है.
QR कोड स्कैन करना पड़ सकता है भारी, छोटी गलती से बड़े नुकसान का डर, इन बातों का रखें ध्यान
नई दिल्ली ऑनलाइन फ्रॉड के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। साइबर क्रिमिनल आए दिन नए-नए तरीकों से यूजर्स को चूना लगा रहे हैं। QR कोड से होने वाले स्कैम भी इन्हीं में से हैं। इस स्कैम के खतरे को देखते हुए CERT-In (Ministry of Electronics & Information Technology) ने अपने ऑफिशियल X अकाउंट से कुछ जरूरी सेफ्टी टिप्स को शेयर किया है। इन सेफ्टी टिप्स को फॉलो करके आप QR कोड के जरिए होने वाले फ्रॉड्स से खुद को सुरक्षित रख सकते हैं। CERT-In ने X अकाउंट से एक पोस्टर शेयर किया है, जिसमें QR कोड स्कैन करते वक्त ध्यान रखने वाली बातों का जिक्र किया गया है। शेयर किए पोस्टर में CERT-In ने कहा कि स्कैम फेक QR कोड का इस्तेमाल करके यूजर्स को मलीशियस वेबसाइट पर रीडायरेक्ट कर देते हैं या फेक ऐप इंस्टॉल करने के लिए कहते हैं, ताकि उन्हें यूजरनेम, पासवर्ड के साथ सेंसिटिव इन्फर्मेशन का ऐक्सेस मिल जाए। इस स्कैम से बचने के लिए आप CERT-In की इन बातों का ध्यान रखें: 1- किसी भी QR कोड को स्कैन करते वक्त यह जरूर कन्फर्म कर लें कि वह कि भरोसेमंद सोर्स का है। 2- QR कोड स्कैन करते वक्त यह जरूर ध्यान रखें कि कहीं वह आपको किसी शॉर्ट URL पर तो रीडायरेक्ट नहीं कर रहा। 3- सार्वजनिक स्थानों पर मौजूद QR कोड से सावधान रहें। अक्सर जालसाज सार्वजनिक स्थानों पर लगे पोस्टर में फेक QR को चिपका देते हैं, जो स्कैन किए जाने पर मलीशियस वेबसाइट पर रिडायरेक्ट कर देगा। साइबर फ्रॉड की शिकायत करने के लिए डायल करें 1930 साइबर फ्रॉड की शिकायत करने के लिए आप CERT-In की वेबसाइट- www.cybercrime.gov.in पर जा सकते है। आप चाहें तो 1930 पर कॉल करके भी अपनी रिपोर्ट दर्ज करा सकते हैं। बताते चलें कि रेग्युलर अपडेट्स के लिए आप CERT-In को फेसबुक और इंस्टाग्राम पर फॉलो कर सकते हैं।
आज नेशनल सेमिनार ऑन हैप्पीनेस का आयोजन कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर, भोपाल में किया जायेगा
भोपाल राज्य आनंद संस्थान भोपाल द्वारा आज प्रातः 10 बजे से नेशनल सेमिनार ऑन हैप्पीनेस का आयोजन कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर, भोपाल में किया जायेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सेमिनार में सायं 5:45 बजे शामिल होंगे। सेमिनार में देश के विभिन्न प्रतिभागी भाग लेंगे। सेमिनार का आयोजन अंतर्राष्ट्रीय आनंद दिवस पर किया जा रहा है, जिसका समापन 21 मार्च को होगा। संस्थान के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, आशीष कुमार ने बताया कि दो दिवसीय सेमिनार के दौरान आनंद के विभिन्न आयामों पर व्याख्यान एवं परिचर्चा सत्र आयोजित किये गये हैं। कार्यक्रम में पूरे प्रदेश में आनंद गतिविधियों से जुड़े संगठन और स्वयंसेवी सम्मिलित हो रहे है। सेमिनार में भारतीयता में आनंद के आयाम, दैनिक जीवन में निरंतर आनंद, भारतीय संस्कृति एवं आनंद, एक आनंदित समाज के लिये वैज्ञानिक अंर्तदृष्टि का समीकरण विषय पर पहले दिन प्रो. रजनीश अरोड़ा, स्वामी समर्पणानंद जी, डॉ. एन. रविचंद्रन, रिटायर्ड आईपीएस मुकेश जैन आदि के व्याख्यान भी होंगे। बच्चों में मानवीय मूल, आंतरिक आनंद की अनुभूति विषय पर भी परिचर्चा सत्र आयोजित किये जायेंगे।
1 अप्रैल 2025 से बंद हो जाएगा UPI?इन मोबाइल नंबरों की बैंकिंग और UPI सेवा, जानें वजह
मुंबई अगर आप UPI का नियमित रूप से इस्तेमाल करते हैं, तो आपके लिए यह जानकारी बेहद जरूरी है. नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने UPI ट्रांजैक्शन को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए नए नियम जारी किए हैं, जो 1 अप्रैल 2025 से प्रभावी होंगे. इन बदलावों का उद्देश्य डिजिटल भुगतान प्रणाली को सुरक्षित और पारदर्शी बनाना है. क्या है नया नियम? NPCI के नए निर्देशों के अनुसार, बैंकों को उन मोबाइल नंबरों को अपने सिस्टम से हटाना होगा जो बंद हो चुके हैं या नए ग्राहकों को दोबारा असाइन किए गए हैं. यह कदम UPI ट्रांजैक्शन में होने वाली गलतियों को रोकने के लिए उठाया गया है. हर हफ्ते होगा डेटा अपडेट NPCI ने 16 जुलाई 2024 को हुई बैठक में यह फैसला लिया कि: बैंकों और पेमेंट सर्विस प्रोवाइडर्स (PSP) को अपने डेटा को साप्ताहिक रूप से अपडेट करना होगा. इस प्रक्रिया में उन मोबाइल नंबरों की सूची को हटाया जाएगा जो अब बंद हो चुके हैं या किसी अन्य ग्राहक को दे दिए गए हैं. इससे गलत नंबर पर ट्रांजैक्शन होने की संभावना कम हो जाएगी और सुरक्षा बढ़ेगी. UPI यूजर्स को क्या करना चाहिए? NPCI के नए दिशानिर्देशों के चलते UPI यूजर्स को निम्न बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए: रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर अपडेट करें: यदि आपने हाल ही में अपना मोबाइल नंबर बदला है, तो तुरंत अपने बैंक और UPI ऐप में इसे अपडेट करें. UPI ऐप्स के नोटिफिकेशन पर नजर रखें: UPI ऐप्स अब नंबर अपडेट के लिए स्पष्ट सहमति लेंगे. इसके लिए एक ‘ऑप्ट-इन’ विकल्प दिया जाएगा, जिससे उपयोगकर्ता की मंजूरी के बिना कोई बदलाव नहीं होगा. बैंक से संपर्क करें: यदि आपका पुराना मोबाइल नंबर बंद हो गया है, तो तुरंत बैंक को इसकी सूचना दें ताकि आपके अकाउंट की सुरक्षा बनी रहे. पैसे प्राप्त करने में रुकावट: यदि किसी ग्राहक का नंबर अपडेट नहीं होता है, तो उन्हें UPI के माध्यम से पैसे प्राप्त करने में परेशानी हो सकती है. बैंकों और पेमेंट सर्विस प्रोवाइडर्स के लिए नए निर्देश NPCI ने बैंकों और UPI सेवा प्रदाताओं को इन नियमों को लागू करने के लिए 31 मार्च 2025 तक का समय दिया है. 1 अप्रैल 2025 से: सभी बैंकों को NPCI को मासिक रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी. इस रिपोर्ट में कुल UPI आईडी, सक्रिय उपयोगकर्ताओं की संख्या, अपडेट किए गए मोबाइल नंबरों के माध्यम से हुए ट्रांजैक्शन और स्थानीय स्तर पर हल किए गए नंबर-बेस्ड ट्रांजैक्शन का विवरण शामिल होगा. नए नियमों का असर NPCI द्वारा लागू किए गए इन नए दिशानिर्देशों का सकारात्मक प्रभाव निम्न रूप से देखा जा सकेगा: UPI ट्रांजैक्शन में सुरक्षा बढ़ेगी: गलत नंबर पर पैसे भेजने की घटनाओं में कमी आएगी. धोखाधड़ी की घटनाएं कम होंगी: नंबर अपडेट प्रक्रिया के कारण स्कैम और फ्रॉड की आशंका कम होगी. UPI का अनुभव बेहतर होगा: उपयोगकर्ता लेन-देन में अधिक सहजता और सुरक्षा महसूस करेंगे. NPCI का उद्देश्य NPCI का मुख्य उद्देश्य UPI ट्रांजैक्शन को सुरक्षित और उपभोक्ता हित में अधिक सुविधाजनक बनाना है. नए नियमों के लागू होने के बाद डिजिटल पेमेंट सिस्टम और अधिक मजबूत व सुरक्षित हो जाएगा.
मुंबई इंडियंस के पहले मैच में Hardik, Rohit नहीं ये खिलाड़ी होगा Mumbai Indians का कप्तान
मुंबई इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) के 18वें सीजन का बिगुल बज चुका है. आईपीएल 2025 (IPL 2025) का पहला मैच कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच खेला जाएगा. वहीं इस सीजन मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) की टीम अपना पहला मैच 23 मार्च को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेलेगी. हार्दिक पांड्या इस मैच में नहीं खेलेंगे. बता दें कि हार्दिक पांड्या पर आईपीएल के एक मैच का बैन लगा हुआ है. इसी वजह से वह आईपीएल 2025 का पहला मैच नहीं खेल पाएंगे. यही कारण है कि वह चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में न तो मुंबई इंडियंस के कप्तान होंगे और न ही प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होंगे. दरअसल, स्लो ओवर रेट की वजह से हार्दिक पांड्या पर एक मैच का बैन लगा हुआ है. आईपीएल 2024 में हार्दिक पांड्या मुंबई इंडियंस के कप्तान थे. इस दौरान टीम पर 3 बार स्लो ओवर रेट का जुर्माना लगा. जब पहली बार कोई कप्तान ऐसा करता है तो फिर उस पर 12 लाख का जुर्माना लगता है. दूसरी बार में जुर्माना डबल कर दिया जाता है. वहीं तीसरी बार ऐसा होने पर एक मैच का बैन लगा दिया जाता है. आईपीएल 2024 में ऋषभ पंत पर भी स्लो ओवर रेट की वजह से एक मैच का बैन लगा था. हार्दिक पंड्या पर बैन क्यों? हार्दिक पंड्या ने पिछले सीजन बतौर कप्तान मुंबई इंडियंस टीम में वापसी की थी। उनकी कप्तानी में टीम का प्रदर्शन बेहद खराब रहा था और मुंबई आखिरी स्थान पर रही थी। इतना ही नहीं, उनकी कप्तानी में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस पर तीसरी बार स्लो ओवर रेट का जुर्माना लगा था। नियमों के मुताबिक, तीन बार स्लो ओवर रेट पर टीम के कप्तान पर 30 लाख रुपए का जुर्माना लगाया जाता है, साथ ही एक मैच के लिए बैन भी लगाया जाता है। चूंकि मुंबई इंडियंस ने ग्रुप स्टेज में स्लो ओवर रेट की गलती थी और प्ले ऑफ में प्रवेश नहीं कर सकी थी। इसके चलते हार्दिक पंड्या पर बैन नहीं लग सका था। ऐसे में आईपीएल 2025 में उन्हें बैन झेलना पड़ेगा और चेन्नई सुपर किंग्स खिलाफ मुंबई इंडियंस के शुरुआती मुकाबले में बाहर बैठना पड़ेगा। कौन होगा कप्तान? हार्दिक पंड्या पर एक मैच का बैन लगे होने के चलते यह सवाल उठ खड़ा हुआ है कि उनकी जगह मुंबई इंडियंस टीम की कमान कौन संभालेगा। जसप्रीत बुमराह चोटिल होने की वजह से मौजूदा सीजन के शुरुआती मुकाबलों में खेलने पर संशय है। ऐसे में सूर्यकुमार यादव और रोहित शर्मा कप्तान के तौर पर दो बड़े दावेदार हो सकते हैं। सूर्य कुमार यादव का टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार रिकॉर्ड रहा है। उनकी कप्तानी में टीम इंडिया को 18 मैच में से सिर्फ 4 मुकाबलों में शिकस्त झेलनी पड़ी है। इस लिहाज से सूर्य कुमार यादव मुंबई इंडियन की कमान संभाले हुए नजर आ सकते हैं। फिलहाल अब तक इस पर मुंबई इंडियंस की ओर से किसी तरह की जानकारी सामने नहीं आई। हार्दिक की जगह सूर्यकुमार यादव मुंबई इंडियंस के कप्तान अब जैसा कि हार्दिक पांड्या पर एक मैच का बैन लगा हुआ है. ऐसे में वह 23 मार्च को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ नहीं खेल पाएंगे. उनके न होने पर सूर्यकुमार यादव कप्तानी कर सकते हैं. हालांकि, अभी MI ने इसका आधिकारिक एलान नहीं किया है. वहीं प्लेइंग इलेवन में हार्दिक की जगह रॉबिन मिन्ज को मौका मिल सकता है. पहले मैच में मुंबई इंडियंस की संभावित प्लेइंग इलेवन- रोहित शर्मा, विल जैक्स, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रॉबिन मिन्ज, नमन धीर, मिचेल सैंटनर, दीपक चाहर, कर्ण शर्मा, ट्रेंट बोल्ट और कॉर्बिन बॉश/मुजीब उर रहमान.