Grappling with a water crisis amidst heavy rain, residents of Sant Vinoba and Shastri Wards, along with councilors, laid siege to the Municipal Council office.
- अध्यक्ष, सीएमओ को बताई समस्या, वाल्वमैन की लापरवाही और लो प्रेशर का आरोप, सुधार नहीं होने पर आंदोलन का अल्टीमेटम।
हरिप्रसाद गोहे
आमला। नगर पालिका परिषद आमला की जल वितरण व्यवस्था भर बारिश में भी चरमराई हुई है। ग्रीष्म ऋतु में 3 से 4 दिन में जलापूर्ति की व्यवस्था को शहरवासियों ने सहर्ष स्वीकार कर नियमित जल कर का भुगतान किया था, लेकिन बरसात के इस सक्रिय मौसम में भी वार्डों में पेयजल संकट गहराने से रहवासियों का गुस्सा फूट पड़ा है।
पार्षदों की अगुवाई में नपा कार्यालय का घेराव
मंगलवार को संत विनोबा वार्ड क्रमांक 04 की पार्षद दीक्षा मयूर सुरजेकर एवं शास्त्री वार्ड क्रमांक 03 के पार्षद सुधीर आम्बाडकर (बाला) की अगुवाई में बड़ी संख्या में रहवासियों ने नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर घेराव किया।

अध्यक्ष और सीएमओ से की शिकायत
मौके पर मौजूद नगर पालिका अध्यक्ष नितिन गाडरे और मुख्य नगर पालिका अधिकारी नितिन बिंजवे को पार्षदों ने समस्याओं से अवगत कराया।पार्षद दीक्षा मयूर सुरजेकर ने बताया कि जलावर्धन योजना के तहत वार्ड में बिछाई गई पाइपलाइन से पर्याप्त जलापूर्ति नहीं हो रही है। नलों में पानी का प्रेशर बेहद कम है और वाल्वमैन द्वारा वितरण में लापरवाही बरती जा रही है, जिसके कारण बारिश में भी लोग जल संकट से जूझ रहे हैं।वहीं पार्षद सुधीर आम्बाडकर ने नाराजगी जताते हुए कहा कि शास्त्री वार्ड में पिछले 15 दिनों से पेयजल व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित है। बार-बार शिकायत के बावजूद जलावर्धन शाखा द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा, जिससे रहवासियों को भारी परेशानी हो रही है।

आंदोलन की चेतावनी
दोनों पार्षदों ने नगर पालिका प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही जल वितरण व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो वार्डवासियों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्ष एवं सीएमओ ने जल्द व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया है।
साथ ही वार्डो में बिछाई गई पाईप लाईनों में दुरुस्ती करन कार्य कराए जाने बात कही है।







