Outrage on Amla’s roads: Incomplete construction poses accident risk; traders’ anger boils over.
- करोड़ों की सड़क-नाली परियोजना पर बवाल: धीमी रफ्तार और भ्रष्टाचार के आरोप, घेराव की चेतावनी
हरिप्रसाद गोहे
आमला। नगर पालिका परिषद आमला द्वारा मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास योजना के तहत कराए जा रहे करोड़ों रुपए के सड़क-नाली निर्माण कार्य की धीमी गति से आम नागरिकों और व्यापारियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
पीर मंजिल चौक से जनपद चौक तक सीमेंट कांक्रीट सड़क-नाली निर्माण और मुख्य बस स्टैंड से संतोषी माता मंदिर तक स्ट्रीट लाइट व डिवाइडर निर्माण कार्य रुद्र कंस्ट्रक्शन कंपनी के माध्यम से लगभग एक माह से चल रहा है। लेकिन काम की धीमी रफ्तार और बीच में छोड़ दिए गए गड्ढों के कारण रोजाना दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
गोगपा ने लगाया भ्रष्टाचार का आरोप
गोगपा नेताओं राजेश वट्टी, अर्जुन उइके, जयमन कवड़े और तुलेश वटके ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में तकनीकी गुणवत्ता को ताक पर रखकर घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले बैतूल-बासखपा-आमला सड़क गुणवत्ता से बनी थी जो आज भी बेहतर स्थिति में है, लेकिन वर्तमान कार्य बिना फिनिशिंग के ऊबड़-खाबड़ किया जा रहा है।
नेताओं ने नगरपालिका प्रशासन से काम की गति बढ़ाकर गुणवत्ता युक्त निर्माण कराने की मांग की है। साथ ही अल्टीमेटम दिया कि यदि भ्रष्टाचार नहीं रुका तो आमजन और व्यापारियों के साथ मिलकर नगर पालिका का घेराव किया जाएगा।

व्यापारियों को हो रहा नुकसान
स्थानीय व्यापारियों रवि साहू, लोकेंद्र सिंह राठौर, बबलू गोस्वामी , ओमप्रकाश सूरे और महेंद्र राजपूत ने बताया कि एक माह से नाली की खुदाई कर बेस और सरिया डालकर कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। त्योहारी सीजन में खुदाई और धूल के कारण ग्राहकी प्रभावित हो रही है और रोजगार पर संकट आ गया है। व्यापारियों ने शीघ्र निर्माण पूर्ण कराने की मांग की है।
इस संबंध में एसडीएम आमला कामिनी ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष आमला नितिन गाडरे से दूरभाष पर संपर्क किया गया लेकिन संपर्क नहीं हो सका।









