केंद्रीय जेल जबलपुर समेत कई जेलों में रक्षाबंधन की धूम, बहनों ने बांधी राखी
Rakshabandhan was celebrated with great enthusiasm in many jails including Central Jail Jabalpur, sisters tied Rakhi.
रक्षाबंधन पर जेलों में सजेगी भाई-बहन के रिश्ते की अनोखी तस्वीर, 2,800 से ज्यादा बंदियों को बहनों ने बांधी राखी
विशेष संवाददाता: जितेन्द्र श्रीवास्तव अर्पिता श्रीवास्तव
जबलपुर। रक्षाबंधन के अवसर पर केंद्रीय जेल जबलपुर एवं अधीनस्थ जेलों में बंदियों के लिए खुली मुलाकात का आयोजन किया गया। जेल मुख्यालय, भोपाल को भेजी गई जानकारी के अनुसार 28 अगस्त 2026 को रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित मुलाकात में बड़ी संख्या में बंदी भाइयों से उनकी बहनों ने मुलाकात कर राखी बांधी।
दस्तावेज में केंद्रीय जेल जबलपुर समेत जिला जेल कटनी, मंडला, डिंडोरी तथा उप जेल सिहोरा और पाटन की जानकारी शामिल है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक इन जेलों में पुरुष बंदियों के साथ महिला बंदिनियों को भी राखी बांधी गई।
कहां कितने बंदियों को बांधी गई राखी?
केंद्रीय जेल जबलपुर: 1,548 पुरुष बंदी एवं 22 महिला बंदिनी
जिला जेल कटनी: 303 पुरुष बंदी एवं 13 महिला बंदिनी
जिला जेल मंडला: 127 पुरुष बंदी एवं 4 महिला बंदिनी
जिला जेल डिंडोरी: 264 पुरुष बंदी एवं 9 महिला बंदिनी
उप जेल सिहोरा: 49 बंदी
उप जेल पाटन: 80 बंदी
जानकारी अनुसार मुलाकात के दौरान बड़ी संख्या में परिजनों और बच्चों ने भी जेल पहुंचकर अपने परिजनों से मुलाकात की। पाटन उप जेल में 188 माताओं/बहनों एवं 22 बच्चों द्वारा मुलाकात किए जाने की जानकारी भी दर्ज है।
जेल की दीवारों के बीच दिखा भाई-बहन का भावनात्मक रिश्ता
रक्षाबंधन के इस आयोजन का उद्देश्य जेल में निरुद्ध बंदियों को भी अपने परिवार से जुड़ने और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को महसूस करने का अवसर देना रहा। राखी बांधने पहुंचीं बहनों और परिजनों की मुलाकात ने जेल परिसर में भावुक माहौल बना दिया।
केंद्रीय जेल जबलपुर के जेल अधीक्षक अखिलेश तोमर और उप अधीक्षक मदन कोमल की देखरेख में व्यवस्था को लेकर तैयारियां की गईं। जेल प्रशासन द्वारा रक्षाबंधन से संबंधित छायाचित्र एवं आंकड़ों की जानकारी जेल मुख्यालय भोपाल को भेजी गई है।








