Congress stages a unique protest against inflation: garlands a gas cylinder and distributes a pinch of sugar to traders.
- जनपद चौक पर थाली बजाकर जताया विरोध, प्रधानमंत्री की सद्बुद्धि के लिए किया हवन का ऐलान।
हरिप्रसाद गोहे
आमला। जिला कांग्रेस के आदेश पर ब्लॉक अध्यक्ष विजेंद्र भावसार के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जनपद चौक पर महंगाई के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन किया।
बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर के दामों में बेतहाशा बढ़ोतरी के विरोध में कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक विरोध दर्ज करते हुए गैस सिलेंडर को माला पहनाकर श्रद्धांजलि अर्पित की और व्यापारियों को चुटकी भर शक्कर बांटकर विरोध जताया।

इस मौके पर बोरदेही ब्लॉक अध्यक्ष महेश यादव ने कहा कि खाद्य सामग्री, शक्कर, रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल और बिजली की बढ़ती कीमतों से आम आदमी का घरेलू बजट बिगड़ गया है। सिलेंडर के दामों में वृद्धि ने घर का खर्च दोगुना कर दिया है।

वहीं शहर कांग्रेस अध्यक्ष अजय सोलंकी ने कहा कि त्योहारों के मौसम में भी मिठास कम करने का षड्यंत्र चल रहा है, जो भाजपा सरकार को बहुत महंगा पड़ेगा। शहर कांग्रेस अब नगर के प्रत्येक वार्ड में प्रधानमंत्री की सद्बुद्धि के लिए हवन-पूजन करेगी।सेवादल प्रभारी जितेंद्र शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि आज का प्रदर्शन केवल शुरुआत है।

प्रदर्शन के दौरान ब्लाक अध्यक्ष विजेंद्र भावसार, महेश यादव, अजय सोलंकी, जितेंद्र शर्मा,नगर पालिका अध्यक्ष नितिन गाडरे, विजय अतुलकर, छन्नू बेले, सीमा अतुलकर, विजय पारदी, सुकराम कुमरे, कमलेश माकोडे, रमजान खान, बंटू बेले, हरिप्रसाद गोहे, जीतेश वाईकर, राकेश सोने सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।









