नौतपे की तपिश में आमला के राम यादव ने बैतूल पहुंचकर किया रक्तदान, महिला की बचाई जान
हरिप्रसाद गोहे आमला। झुलसा देने वाली गर्मी और नौतपे के बीच आमला के युवा समाजसेवी राम यादव ने मानवता की मिसाल पेश की। उन्होंने जिला अस्पताल बैतूल में A निगेटिव ब्लड दान कर गंभीर हालत में भर्ती रूपा परमार की जान बचाई। जनसेवा कल्याण समिति के सदस्य सागर चौहान को सूचना मिली कि महिला के शरीर में मात्र 3 ग्राम रक्त शेष है और तुरंत A निगेटिव ब्लड की जरूरत है। समिति ने रात में एक यूनिट ब्लड की व्यवस्था कराई थी, लेकिन सुबह फिर रक्त की आवश्यकता पड़ी। भीषण गर्मी में किसी को बुलाना मुश्किल था, फिर भी सागर चौहान के आग्रह पर राम यादव बिना संकोच बैतूल पहुंचे और सरल भाव से रक्तदान किया। स्थानीय लोगों ने राम यादव और जनसेवा कल्याण समिति के इस कार्य की सराहना की। कहा कि मदद का सामर्थ्य तो कई लोगों में होता है, पर ऐसी तपिश में निस्वार्थ मदद की भावना विरले ही दिखाते हैं।