एडीजी प्रमोद वर्मा के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुई 25वीं पूर्वी जोन पुलिस खेल-कूद प्रतियोगिता
25th Eastern Zone Police Sports Competition Concludes Under the Chief Guestsip of ADG Pramod Verma जितेन्द्र श्रीवास्तव अर्पिता श्रीवास्तव जबलपुर। 25वीं पूर्वी जोन अंतर जिला पुलिस वार्षिक खेल-कूद प्रतियोगिता-2026 का भव्य समापन समारोह जबलपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में पूर्वी जोन के विभिन्न जिलों से आए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि प्रमोद वर्मा (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, जबलपुर जोन, जबलपुर रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि अतुल सिंह (भा.पु.से.), पुलिस उप महानिरीक्षक, जबलपुर रेंज, जबलपुर उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्य अतिथि प्रमोद वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि खेल व्यक्ति के जीवन में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करते हैं। पुलिस बल में खेल गतिविधियां शारीरिक एवं मानसिक रूप से फिट रहने के साथ-साथ बेहतर कार्यक्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। विशिष्ट अतिथि अतुल सिंह ने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में सभी प्रतिभागियों ने खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने विजेता और प्रतिभागी खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। विजेता टीमों एवं खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समापन समारोह में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। आयोजन के सफल समापन पर सभी प्रतिभागियों एवं आयोजन समिति को बधाई दी गई।