Emotional tribute meeting held in Amla on Vijay Kargil Day, Tiranga Yatra taken out.
पूर्व सैनिकों ने परेड-सैल्यूट कर दी शहीदों को सलामी, नगर पालिका अध्यक्ष ने अर्पित किए श्रद्धा सुमन।
हरिप्रसाद गोहे
आमला। 26 जुलाई, विजय कारगिल दिवस के अवसर पर रविवार को नगर में स्थित शहीद शंकरलाल वाईकर स्मारक पर पूर्व सैनिक संगठन इकाई आमला के बैनर तले भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व सैनिक साथियों के साथ नगर के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।सभा की शुरुआत नगर पालिका अध्यक्ष नितिन गाडरे द्वारा शहीद शंकरलाल वाईकर के स्मारक पर पुष्प अर्पित कर की गई।

इस अवसर पर डॉ. बी.पी. चोरिया, शहीद परिवार के परिजन, जन सेवा कल्याण समिति अध्यक्ष राहुल ढेड़े, नगर निरीक्षक मुकेश ठाकुर, उप निरीक्षक बलराम यादव सहित अन्य गणमान्य लोगों ने वीर शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।कार्यक्रम की सबसे खास बात रही पूर्व सैनिकों द्वारा दी गई परेड और सैल्यूट। अनुशासित अंदाज में दी गई सलामी को देखकर पूरा माहौल देशभक्ति से भर गया।

इसके बाद सामूहिक राष्ट्रगान और “भारत माता की जय” के बुलंद नारों के साथ शहीदों की शहादत को याद किया गया।श्रद्धांजलि सभा के बाद पूर्व सैनिक संगठन द्वारा आमला मेन मार्केट से शहीद स्मारक इतवारी चौक तक तिरंगा यात्रा निकाली गई।
यात्रा का नेतृत्व पूर्व सैनिकों ने मोटर साइकिल पर तिरंगा लहराकर किया। हाथों में तिरंगा लिए नागरिकों ने देशभक्ति के नारे लगाते हुए शहीदों को नमन किया।कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि कारगिल विजय दिवस हमें देशभक्ति, त्याग और बलिदान की प्रेरणा देता है। नई पीढ़ी को भारतीय सेना के शौर्य से सीख लेकर राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए कार्य करना चाहिए।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।








