The SDM held a meeting in the district regarding preparations for the “Har Ghar Tiranga Yatra.”
- 13 अगस्त को तहसील परिसर से निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, भूतपूर्व सैनिक करेंगे अगुवाई।
हरिप्रसाद गोहे
आमला। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरकार द्वारा चलाए जा रहे “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत आमला में 13 अगस्त को आयोजित होने वाली “हर घर तिरंगा यात्रा” की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जनपद सभागार में बैठक आयोजित की गई।बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष आमला नितिन गाडरे, नवागत अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कामिनी ठाकुर, थाना प्रभारी आमला मुकेश ठाकुर, नगर पालिका अधिकारी नितिन बिज़वे, पत्रकार, गणमान्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक सहित विभिन्न विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
इस दौरान एस डी एम कामिनी ठाकुर ने यात्रा के रूट, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के साथ ही कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसडीएम ने सभी विभागों को समन्वय के साथ समय-सीमा में तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में बताया गया कि यात्रा प्रातः 10:30 बजे तहसील परिसर से प्रारंभ होकर मेन मार्केट, जनपद चौराहा, बस स्टैंड होते हुए रेलवे टिकट घर के समीप समाप्त होगी।

यात्रा का नेतृत्व भूतपूर्व सैनिक करेंगे। उनके पीछे बैलगाड़ी पर भारत माता की सुसज्जित झांकी आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके साथ ही एनसी कैडेट, स्कूली छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर चलेंगे। यात्रा का संचालन शिक्षा विभाग, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं एनआरएलएम की दीदियों द्वारा किया जाएगा। यात्रा के दौरान घोड़े और डीजे पर देशभक्ति गीत भी बजाए जाएंगे।

एसडीएम कामिनी ठाकुर ने कहा कि “हर घर तिरंगा” अभियान राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे 13 से 15 अगस्त तक अपने घरों पर गर्व के साथ तिरंगा फहराएं।









