Amla imbued with the spirit of patriotism: A massive “Har Ghar Tiranga Yatra” was taken out under the leadership of MLA Dr. Yogesh Pandagre.
- 2 किलोमीटर लंबा काफिला, स्कूली बच्चे-जनप्रतिनिधि-सैनिक एक साथ चले, समापन पर दिलाई नशा मुक्ति शपथ।
हरिप्रसाद गोहे
आमला। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत गुरुवार को आमला नगर देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया। विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे के नेतृत्व में तहसील कार्यालय परिसर से विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के नारों से पूरा नगर गूंज उठा।
यात्रा तहसील परिसर से प्रारंभ होकर मेन मार्केट, जनपद चौक, बस स्टैंड होते हुए नया रेलवे टिकट घर पहुंची। यात्रा का सफल नेतृत्व सेना के भूतपूर्व जवानों ने किया। सबसे आगे बैलगाड़ी पर भारत माता की सुसज्जित झांकी थी। उसके पीछे जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और प्रशासनिक अमला हाथों में तिरंगा लेकर चल रहा था।

इस काफिले का नेतृत्व अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कामिनी ठाकुर और तहसीलदार रिचा कौरव ने किया।
2 KM लंबा स्कूली बच्चों का काफिला बना आकर्षण का केंद्र।
यात्रा की सबसे बड़ी विशेषता स्कूली बच्चों का लगभग 2 किलोमीटर लंबा काफिला रहा। नीले, हरे, लाल, पीले, सफेद और मेरून रंग की ड्रेस में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर पंक्तिबद्ध होकर चल रहे थे। “भारत माता की जय” के जयघोष से पूरा माहौल देशभक्तिमय हो गया। इस मौके पर स्काउट-गाइड, एनसी कैडेट सहित नगर के दर्जनों स्कूलों के बच्चे शामिल हुए। रास्ते भर नगरवासियों ने पुष्प वर्षा कर बच्चों और यात्रा का उत्साह बढ़ाया।
यात्रा का समापन नए रेलवे टिकट घर पर हुआ। यहां विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे और उपस्थित जनसमुदाय की मौजूदगी में राष्ट्रगान हुआ। इसके बाद ब्रह्माकुमारी संस्था के “10 करोड़ नशा मुक्त अभियान” के तहत सभी को सामूहिक रूप से नशा नहीं करने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर विधायक डॉ. पंडाग्रे ने कहा कि “तिरंगा हमारी आन-बान-शान है। हर घर तिरंगा फहराकर हम देश की एकता और अखंडता का संदेश देंगे।” उन्होंने बच्चों और नागरिकों के उत्साह की सराहना की।वहीं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कामिनी ठाकुर ने कहा कि “आयोजित तिरंगा यात्रा को सफल बनाने और तिरंगा यात्रा के माध्यम से देशभक्ति का संदेश लोगों तक पहुंचाने में सभी का सहयोग एवं योगदान महत्वपूर्ण रहा। इसके लिए मैं अपनी ओर से सभी का आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित करती हूं।”कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और नगरवासी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा सुरक्षा, पेयजल और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था की गई थी।









