At Bhimrao Ambedkar Government College, newly admitted students were welcomed with tilak and flower garlands, marking the commencement of the new academic session with an orientation ceremony.
हरिप्रसाद गोहे
आमला। सत्र 2026-27 के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर शासकीय महाविद्यालय आमला में स्नातक एवं स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष/सेमिस्टर के नवप्रवेशित विद्यार्थियों का दीक्षारंभ समारोह के साथ भव्य स्वागत किया गया। महाविद्यालय जनभागीदारी समिति अध्यक्ष सुश्री मुक्ता ढोलेकर के मुख्य आतिथ्य, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आमला के चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश राव वागदरें, अधिवक्ता श्री सुरेन्द्र बारंगे तथा श्रीमती अपर्णा बोस के विशेष आतिथ्य एवं प्राचार्य प्रो. गुलबराव डोंगरे की अध्यक्षता में कार्यक्रम संपन्न हुआ।

तिलक लगाकर किया अभिनंदन
उद्घाटन सत्र में प्राचार्य सहित समस्त प्राध्यापकों ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया। माहौल उत्साह और उमंग से भरा रहा।
वक्ताओं ने दिए सफलता के मंत्र।

डॉ. मुकेश राव बागदरे ने कहा, “स्वस्थ मस्तिष्क ही स्वस्थ व्यक्ति की पहचान है।” उन्होंने तनाव कम करने के उपाय बताए और मानसिक रूप से मजबूत रहने के लिए प्रेरित किया। वहीं : अधिवक्ता सुरेन्द्र बारंगे ने कहा कि महाविद्यालय केवल पढ़ाई नहीं, बल्कि छात्रों के व्यक्तित्व को निखारने का सशक्त मंच है। मुख्य अतिथि सुश्री मुक्ता ढोलेकर ने विद्यार्थियों से महाविद्यालय में उपलब्ध संसाधनों का लाभ लेकर माता-पिता और संस्था का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. मुकेश इवने ने एन ई पी के तहत विषय चयन और एबीसी आई डी के बारे में विस्तार से बताया। प्रो. लोकेश झरबड़े ने प्रयोगशालाओं की जानकारी दी। प्रो. गुलबराव डोंगरे ने कहा कि महाविद्यालय शिक्षा के साथ अंतर्मुखी प्रतिभाओं को निखारने का मंच देता है।

विद्यार्थियों को सभी संसाधनों का पूर्ण उपयोग करना चाहिए।कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजेंद्र गिरि गोस्वामी ने किया व आभार ई-प्रवेश नोडल अधिकारी प्रो. जगदीश उईके ने माना। इस अवसर पर डॉ. जगदीश पटैया, डॉ. पंचम सिंह कवड़े, प्रो. राजा अतुलकर, डॉ. सुनीता सोलंकी, डॉ. माधुरी धोटे सहित समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।









