Anganwadi centres in Amla are being renovated on the instructions of the new collector.
एसडीएम के मार्गदर्शन में बदल रही केंद्रों की तस्वीर, व्हाट्सऐप ग्रुप से कर रहे सतत मॉनिटरिंग
हरिप्रसाद गोहे
आमला। गंभीर अव्यवस्थाओं के बीच संचालित हो रहे आंगनवाड़ी केंद्र अब एसडीएम शैलेन्द्र बड़ोनिया की मॉनिटरिंग और कुशल मार्गदर्शन में बदलने लगे हैं। जिला कलेक्टर के निर्देश और एसडीएम के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्रों का काया कल्प और पोषण पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है।
एसडीएम श्री बड़ोनिया द्वारा विशेष रुचि लेकर प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र पर आवश्यक सुधार करवाने के लिए परियोजना अधिकारी को निर्देशित किया गया है। इसके बाद अब प्रत्येक केंद्र की दशा बदलने लगी है। केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति प्रतिदिन बढ़ रही है। नियमित नाश्ता और भोजन उपलब्ध हो रहा है। इस दौरान प्री स्कूल एक्टिविटी भी कराई जा रही है।

व्हाट्सऐप ग्रुप से हो रही मॉनिटरिंग
व्यवस्थाओं में सुधार और सतत मॉनिटरिंग के लिए एसडीएम ने विभागीय व्हाट्सऐप ग्रुप तैयार कर स्वयं मॉनिटरिंग शुरू की है। औचक निरीक्षण के तहत वे किसी भी आंगनवाड़ी केंद्र में कभी भी स्वयं उपस्थित होकर प्रगति का अवलोकन कर रहे हैं। जिस कारण केंद्रों की व्यवस्थाओं में अमूल चूल परिवर्तन देखने को मिल रहा है।
एसडीएम और जिला कार्यक्रम अधिकारी के निर्देश पर परियोजना अधिकारी निर्मल सिंह ठाकुर सहित सभी सेक्टर पर्यवेक्षक नियमित आंगनवाड़ी केंद्रों का भ्रमण कर रहे हैं। जहां खामियां मिल रही हैं, वहां आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को तत्काल सुधार के निर्देश दिए जा रहे हैं।

केंद्रों में उपलब्ध कराई जा रहीं आवश्यक सामग्रियां
एसडीएम श्री बड़ोनिया के निर्देश के बाद आंगनवाड़ी केंद्रों में दीवाल घड़ी, डस्टबिन, शूज रैक, कुर्सी, टेबल, दरी जैसी आवश्यक सामग्रियां प्रत्येक केंद्र पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। केंद्रों में साफ-सफाई से लेकर हर गतिविधि सुचारू रूप से संचालित हो रही है।

पोषण पखवाड़ा में दे रहे पोषक आहार की जानकारी
वर्तमान में आंगनवाड़ी केंद्रों में पोषण पखवाड़ा मनाया जा रहा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री गौतम अधिकारी के निर्देशन में सभी सेक्टर पर्यवेक्षक केंद्रों में जन समुदाय को आमंत्रित कर पोषण पखवाड़ा का महत्व बता रहे हैं।
ग्रामीणों को बताया जा रहा है कि पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य सामग्रियों में क्या खाएं ताकि हमेशा स्वस्थ रहें। बताया गया कि यदि कोई काजू बादाम नहीं खा सकता तो मूंगफली खाई जा सकती है। सीजनल फल खाएं। जिनके घरों में गाय भैंस का दूध होता है वे दूध का सेवन करें। हरी सब्जियों का अधिक से अधिक उपयोग और मोटे अनाज जैसे ज्वार, बाजरा, रागी का उपयोग करें, ताकि शुगर और ब्लड प्रेशर की बीमारी से बचा जा सके।









