Congress leader urged SDM: All Anganwadis in the city should be renovated
- पार्षद खुशबू अतुलकर ने व्हाट्सएप से भेजा धन्यवाद और समस्याओं का ब्यौरा
हरिप्रसाद गोहे
आमला। वार्ड क्रमांक 9 की पार्षद एवं युवक कांग्रेस जिला महासचिव कुमारी खुशबू विजय अतुलकर ने व्हाट्सएप के माध्यम से एसडीएम शैलेंद्र बड़ोनिया को उनके सराहनीय कार्यों के लिए नगर की जनता की ओर से धन्यवाद दिया। साथ ही नगर की समस्त आंगनबाड़ियों का भ्रमण कर उनकी दुर्दशा सुधारने का आग्रह किया।
पार्षद ने बताया कि पिछले 3 सालों से आंगनबाड़ियों के लिए शिकायत की जा रही है लेकिन आज तक सुधार नहीं हुआ। वार्ड 9 की आंगनवाड़ी पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त है। बारिश में छत से पानी अंदर गिरता है जिससे बच्चे और आंगनवाड़ी सहायिका बैठ नहीं पाते। प्लास्टर पूरी तरह झड़ रहा है और छत से भी प्लास्टर गिरता रहता है, जिससे अप्रिय घटना का खतरा बना रहता है।
बिजली-पानी की नहीं सुविधा
पार्षद ने बताया कि आंगनवाड़ी में बिजली का मीटर लगा है लेकिन आज तक कनेक्शन नहीं किया गया। पीने के पानी की भी सुविधा नहीं है। आंगनवाड़ी सहायिका को रोज लोगों के घर से पानी मांग कर लाना पड़ता है।
यह की मांग
पार्षद ने एसडीएम से निवेदन किया कि नगर की समस्त आंगनबाड़ियों में बिजली कनेक्शन एवं नल कनेक्शन लगाकर सिंटेक्स टंकी रखवाकर नल फिटिंग कराई जाए। साथ ही सभी आंगनबाड़ियों में आरओ, कूलर, पंखे लगवाए जाएं। बच्चों के पालकों के बैठने की व्यवस्था की जाए और सभी आंगनबाड़ियों की पेंटिंग-पुताई कराई जाए।

व्यक्तिगत सुझाव
पार्षद ने सुझाव दिया कि 15 अगस्त और 26 जनवरी को प्रत्येक आंगनबाड़ी में ध्वजारोहण कर बच्चों को देश और तिरंगे की जानकारी दी जाए, यदि एसडीएम सर को उचित लगे तो इसकी व्यवस्था की जाए।
इन्होंने क्या कहा
इस पर एसडीएम शैलेन्द्र बड़ोनिया ने कहा कि प्रत्येक आंगनवाड़ी, स्कूल, पंचायत भवन, राशन दुकान को सुव्यवस्थित कराया जाएगा। जिसके लिए संबंधित विभाग प्रमुखों को समय दिया जाएगा। बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।









