Check the traffic plan before visiting Kubereshwar Dham; diversions will be in place on these routes from August 23 to 25.
सावन के अंतिम सोमवार और 25 अगस्त को पंडित प्रदीप मिश्रा के सानिध्य में सीवन तट से कुबेरेश्वरधाम तक निकलने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस-प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए 23 अगस्त सुबह 6 बजे से 25 अगस्त रात 12 बजे तक जिले में डायवर्जन लागू रहेगा।
भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक
भोपाल-इंदौर हाईवे पर भारी कमर्शियल वाहनों की आवाजाही रोककर उन्हें वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। भोपाल से देवास-इंदौर जाने वाले भारी वाहनों को परवलिया थाना क्षेत्र के मुबारकपुर जोड़ और खजूरी थाना क्षेत्र के तुमड़ा जोड़ से डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद वाहन श्यामपुर, कुरावर, ब्यावरा, शाजापुर और मक्सी होते हुए देवास-इंदौर पहुंचेंगे। इस रूट से भारी वाहनों को करीब 80 किलोमीटर अतिरिक्त सफर करना पड़ेगा।
इंदौर से भोपाल आने वाले भारी वाहनों का रूट बदला
इंदौर और देवास की ओर से भोपाल जाने वाले भारी वाहनों को देवास से ही डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन मक्सी, शाजापुर, ब्यावरा, कुरावर और श्यामपुर होते हुए भोपाल की ओर जाएंगे। खातेगांव-कन्नौद की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को आष्टा, शुजालपुर और पचोर होते हुए ब्यावरा की ओर भेजा जाएगा।
कार और बसों को करीब 9 किलोमीटर अतिरिक्त सफर
छोटे और यात्री वाहनों के लिए भी अलग रूट तय किया गया है। भोपाल से आष्टा, देवास, उज्जैन और इंदौर जाने वाली कार, बस और अन्य यात्री वाहनों को सीहोर के न्यू क्रिसेंट चौराहा से भाऊखेड़ी जोड़ और अमलाहा होते हुए आगे भेजा जाएगा। इस डायवर्जन से छोटे वाहनों को करीब 9 किलोमीटर अतिरिक्त सफर करना पड़ेगा।
इंदौर से भोपाल जाने वाले छोटे वाहनों का भी रूट बदला
इंदौर, उज्जैन और देवास की तरफ से भोपाल आने वाले छोटे वाहनों को आष्टा से अमलाहा, भाऊखेड़ी जोड़ और न्यू क्रिसेंट चौराहा होते हुए भोपाल भेजा जाएगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि यात्रा के दौरान मुख्य मार्ग पर जाने की कोशिश न करें और निर्धारित डायवर्जन रूट का पालन करें।
रेलवे स्टेशन से कुबेरेश्वरधाम जाने के लिए दो रास्ते
ट्रेन से सीहोर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए कुबेरेश्वरधाम जाने के दो रास्ते बताए गए हैं। एक मार्ग मछली पुल से कोतवाली चौराहा होते हुए नदी चौराहा तक है। दूसरा रास्ता तहसील चौराहा से मनकामेश्वर मंदिर होते हुए नदी चौराहा तक जाता है। हालांकि, निर्माण कार्य के कारण इस मार्ग पर आवाजाही प्रभावित हो सकती है।
बकरी पुल निर्माण के चलते मुख्य रास्ता बंद
शहर में चल रहे निर्माण कार्य भी श्रद्धालुओं और यात्रियों की परेशानी बढ़ा सकते हैं। इंदौर नाका से तहसील चौराहा होकर रेलवे स्टेशन जाने वाला मुख्य मार्ग बकरी पुल निर्माण के कारण बंद रहेगा। ऐसे में शहर में आने-जाने वाले लोगों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
यातायात प्रभारी ब्रजमोहन धाकड़ ने बताया कि 23 अगस्त सुबह 6 बजे से 25 अगस्त रात 12 बजे तक डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी। रविवार को डोलियों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने और 24-25 अगस्त को कांवड़ यात्रा के चलते यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। पुलिस-प्रशासन ने वाहन चालकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि अनावश्यक रूप से मुख्य मार्ग पर जाने से बचें, निर्धारित डायवर्जन रूट अपनाएं और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। तीन दिन सीहोर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने के कारण यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं।









