Two containers collided violently in Jabalpur, the transport department clarified the accident situation.
अचानक ब्रेक लगाने के बाद पीछे से आए कंटेनर ने मारी टक्कर, चालक घायल; परिवहन विभाग ने वाहन रोकने की बात से किया इनकार

विशेष संवाददाता जितेन्द्र श्रीवास्तव अर्पिता श्रीवास्तव
जबलपुर। नागपुर से जबलपुर की ओर जा रहे दो कंटेनर वाहनों के बीच 29 अगस्त 2026 को हुई सड़क दुर्घटना को लेकर परिवहन विभाग ने अपनी तथ्यात्मक स्थिति स्पष्ट की है। विभाग के अनुसार हादसा उस समय हुआ, जब आगे चल रहे VRL कंपनी के कंटेनर KA-63-9431 ने अचानक ब्रेक लगाया और पीछे से तेज गति से आ रहे कंटेनर RJ-18-GB-2975 के चालक द्वारा समय पर ब्रेक नहीं लगाए जा सके।
परिवहन विभाग द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक घटना दोपहर के समय हुई। उस दौरान परिवहन विभाग का स्टाफ सड़क के दूसरे किनारे पेड़ के पास बैठकर लंच कर रहा था। विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्टाफ द्वारा सड़क पर किसी वाहन को रोकने अथवा हाथ देकर रोकने की कार्रवाई नहीं की जा रही थी।
पीछे से आए कंटेनर की हुई टक्कर
विभाग के अनुसार VRL कंपनी का कंटेनर आगे चल रहा था। अचानक ब्रेक लगाए जाने के कारण उसकी गति कम हुई। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे कंटेनर RJ-18-GB-2975 के चालक ने समय पर ब्रेक नहीं लगाए, जिसके चलते दोनों कंटेनरों के बीच टक्कर हो गई।
हादसे में संबंधित वाहन के चालक के पैर में चोट आई है और उसका उपचार कराया जा रहा है।
पुलिस में दर्ज हुआ मामला
परिवहन विभाग के मुताबिक दुर्घटना के संबंध में RJ-18-GB-2975 के चालक/परिचालक द्वारा वाहन क्रमांक KA-63-9431 के चालक के विरुद्ध लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने और अचानक ब्रेक लगाकर वाहन रोकने का मामला दर्ज कराया गया है।
घटना के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई संबंधित पुलिस थाने द्वारा की जा रही है।
परिवहन विभाग ने दी सफाई
संभागीय उड़नदस्ता, परिवहन विभाग जबलपुर की ओर से स्पष्ट किया गया है कि दुर्घटना के समय विभागीय स्टाफ किसी वाहन को रोकने का प्रयास नहीं कर रहा था। विभाग ने हादसे को दोनों वाहनों की आपसी स्थिति और आगे चल रहे वाहन द्वारा अचानक ब्रेक लगाए जाने से हुई दुर्घटना बताया है।
“दुर्घटना के समय परिवहन विभाग का कोई भी स्टाफ सड़क पर किसी वाहन को रोकने अथवा हाथ देकर रोकने की कार्रवाई नहीं कर रहा था।” — संभागीय उड़नदस्ता, परिवहन विभाग, जबलपुर








