After inspection, Anganwadi centres are now running smoothly.
- खामियां मिलीं तो नोटिस नहीं, सीधे सेवा समाप्ति होगी: एसडीएम
- औचक निरीक्षण के बाद सख्त चेतावनी, लापरवाही पर अब बख्शिश नहीं
हरिप्रसाद गोहे
आमला । आंगनवाड़ी केंद्रों में व्यवस्थाओं को लेकर एसडीएम शैलेन्द्र बड़ोनिया ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि केंद्रों पर खामियां मिलने पर अब सिर्फ नोटिस जारी नहीं किया जाएगा, बल्कि संबंधित कार्यकर्ता और सहायिका की सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने एक दिन पहले आवरिया, ससाबड़, अंधारिया और खापा खतेड़ा के केंद्रों का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर साफ-सफाई, बच्चों की उपस्थिति और रिकॉर्ड संधारण को लेकर निर्देश दिए गए। अधिकारियों को तत्काल सुधार सुनिश्चित करने को कहा गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से कर्मचारियों में हड़कंप मचा है।
निरीक्षण के बाद चला सफाई अभियान, केंद्रों की बदली तस्वीर
एसडीएम के निरीक्षण के अगले ही दिन संबंधित गांवों के आंगनवाड़ी केंद्रों में विशेष साफ-सफाई अभियान शुरू किया गया। केंद्रों में झाड़ू-पोछा, परिसर की सफाई, रसोई व्यवस्था दुरुस्त करने और बच्चों के बैठने की व्यवस्था सुधारने का काम किया गया। कई जगह दीवारों की सफाई और शैक्षणिक सामग्री व्यवस्थित की गई। कर्मचारियों ने केंद्रों को व्यवस्थित और आकर्षक बनाने का प्रयास किया। निरीक्षण के बाद प्रशासनिक सख्ती का असर तुरंत देखने को मिला। ग्रामीणों ने भी व्यवस्था सुधरने पर संतोष जताया।

बच्चों की सुविधाओं में इजाफा, अब सुचारु रूप से चल रहे केंद्र
आवरिया, ससाबड़, अंधारिया और खापा खतेड़ा के केंद्रों में बच्चों के लिए मूलभूत सुविधाओं में सुधार किया गया है। बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छ शौचालय और पोषण आहार वितरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं। अब केंद्रों का संचालन पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित और सुचारु रूप से हो रहा है। ग्रामीण अभिभावकों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन की निगरानी आगे भी जारी रहेगी, जिससे बच्चों को बेहतर वातावरण और सुविधाएं मिल सकेंगी।









