Intensive Pulse Polio Campaign: “Two drops of life are essential for every child”: Nitin Gadre
- नपा अध्यक्ष ने किया सघन पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ
- पत्नी सोनम गाडरे ने पुत्र मोरेश्वर को दवा पिलाकर दिया संदेश, बीएमओ बोले- घर-घर जाएगी टीम।
हरिप्रसाद गोहे
आमला । नगर पालिका परिषद आमला अध्यक्ष नितिन गाडरे ने आज रविवार सघन पल्स पोलियो अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने नगरवासियों से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अनिवार्य रूप से पिलाने की अपील की।अभियान की शुरुआत नपा अध्यक्ष की धर्मपत्नी सोनम नितिन गाडरे ने अपने पुत्र मोरेश्वर को पोलियो की दो बूंद पिलाकर की।

उन्होंने कहा कि “पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए दो बूंद जिंदगी की हर बच्चे के स्वस्थ भविष्य के लिए जरूरी है।” उन्होंने सभी अभिभावकों से अपने बच्चों को नजदीकी बूथ पर ले जाकर या घर आने वाली टीम से दवा पिलाने का आग्रह किया।इस मौके पर बीएमओ डॉ. राकेश बचले ने बताया कि सघन पल्स पोलियो अभियान के तहत आमला नगर एवं ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें डोर-टू-डोर विजिट करेंगी। साथ ही निर्धारित बूथों पर भी 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि एक भी बच्चा दवा से वंचित न रहे, इसके लिए नागरिकों का सहयोग जरूरी है।

कार्यक्रम में अस्पताल का पूरा स्वास्थ्य अमला एवं स्टाफ मौजूद रहा। सभी ने मिलकर पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को दोहराया। नपा अध्यक्ष गाडरे ने कहा कि हर अभिभावक का दायित्व है कि वह अपने बच्चे को सुरक्षित रखने के लिए इस राष्ट्रीय अभियान में भागीदारी करे। पाँच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की दवा पीने से वंचित न रहे। दो बूंद जिंदगी की, हर बच्चे के लिए जरूरी।









