Nitin’s new team: Six leaders from Madhya Pradesh included; Rajya Sabha MP Tarun Chugh and Saudan Singh also part of the team.
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को पार्टी के नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों के नामों का एलान कर दिया। पार्टी की ओर से जारी सूची के मुताबिक, नई टीम में कई वरिष्ठ नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। नई टीम में मध्य प्रदेश के छह नेताओं को शामिल किया गया है। वहीं मप्र कोटे से राज्यसभा सांसद बने पंजाब के तरुण चुघ को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी बनाया गया है। वहीं विदिशा के रहने वाले सौदान सिंह को राष्ट्रीय सह महामंत्री बनाया गया है।
बता दें कि नितिन नबीन की नई टीम में मध्य प्रदेश से लाल सिंह आर्य को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, गजेंद्र सिंह पटेल को राष्ट्रीय महामंत्री, कविता पाटीदार को राष्ट्रीय मंत्री का पदभार सौंपा गया है। वहीं, विष्णुदत्त शर्मा को प्रकोष्ठ संकुल संयोजक, बंशीलाल गुर्जर को भाजपा किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा आशीष उषा अग्रवाल को मीडिया सह संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद बनाए गए तरुण चुघ को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी बनाया गया है। विदिशा के रहने वाले सौदान सिंह को भी टीम में शामिल किया गया है।
लालसिंह आर्य ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के वरिष्ठ नेता हैं। वे भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चे की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं और संगठन में लंबे समय से सक्रिय हैं। दलित प्रतिनिधित्व का बड़ा चेहरा माने जाते हैं। सांसद गजेंद्र पटेल मध्यप्रदेश के आदिवासी क्षेत्रों में संगठनात्मक और राजनीतिक काम का अनुभव रखते हैं, साथ ही इस वर्ग के प्रतिनिधि चेहरे हैं। राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार प्रदेश भाजपा संगठन में महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं। संगठन के साथ संसदीय राजनीति का अनुभव भी है। उनके नाम के साथ महिला और ओबीसी दोनों समीकरण जुड़ते हैं। राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर मंदसौर के रहने वाले हैं। वे वर्तमान में भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं, अब उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री @NitinNabin जी ने भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा की है, जो निम्नानुसार है। pic.twitter.com/NC29LWTKfL
— BJP Madhya Pradesh (@BJP4MP) August 17, 2026
वीडी शर्मा खजुराहो से सांसद हैं। वीडी शर्मा लंबे समय तक मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं और संगठन को बूथ स्तर से लेकर चुनावी प्रबंधन तक संभालने का अनुभव रखते हैं। आशीष उषा अग्रवाल ग्वालियर के रहने वाले हैं। वर्तमान में वे प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वहीं तरुण चुघ पंजाब से हैं, पर वे वर्तमान में मप्र से राज्यसभा सांसद चुने गए हैं। विदिशा जिले के कागपुर के रहने वाले सौदान सिंह का भाजपा की नई टीम में कद बढ़ा है। वे पहले राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।









