Strict action against vehicles older than 15 years: RTO Jabalpur takes action, seizes 4 passenger vehicles

विशेष संवाददाता जितेन्द्र श्रीवास्तव/ अर्पिता श्रीवास्तव
जबलपुर। परिवहन आयुक्त, मध्यप्रदेश (ग्वालियर) उमेश जोगा के निर्देशानुसार एवं क्षेत्रिय परिवहन अधिकारी रिंकु शर्मा के नेतृत्व में स्थाई अनुज्ञापत्र पर संचालित उन वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई तेज कर दी गई है, जिनकी आयु 15 वर्ष पूर्ण हो चुकी है। ऐसे सभी वाहन स्वामियों को पूर्व में कार्यालय द्वारा सूचनापत्र जारी कर वाहन प्रतिस्थापन हेतु निर्देशित किया गया था, बावजूद इसके कई वाहन स्वामियों द्वारा नियमों का पालन नहीं किया गया।
इसी क्रम में दिनांक 16/04/2026 को की गई कार्रवाई के दौरान 4 यात्री वाहनों को जब्त किया गया। यह कार्रवाई मध्यप्रदेश मोटरयान नियमों के तहत की गई।
सम्भागीय उड़न दस्ता प्रभारी राजेंद्र साहू की जानकारी के अनुसार, इस प्राधिकार द्वारा जारी स्थाई अनुज्ञापत्रों में से 49 अनुज्ञापत्र ऐसे हैं, जिनमें संचालित यात्री वाहनों की 15 वर्ष की अवधि पूर्ण हो चुकी है, लेकिन संबंधित अनुज्ञापत्रधारियों द्वारा अब तक वाहन प्रतिस्थापन नहीं कराया गया है।
सतत जारी रहेगी कार्रवाई
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले ऐसे वाहनों के विरुद्ध जप्ती एवं वैधानिक कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
विभाग द्वारा सभी वाहन स्वामियों से अपील की गई है कि वे समय रहते अपने वाहनों का प्रतिस्थापन कर नियमों का पालन सुनिश्चित करें, अन्यथा उक्त जप्ती की कार्यवाही आगे भी सतत जारी रहेगी









