SP Virendra Kumar Jain and TI Ravikant Deharia were honoured with Dr. BR Ambedkar Aastha Samman.
हरिप्रसाद गोहे
आमला। 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती समारोह के अवसर पर पुलिस ग्राउंड आमला में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र कुमार जैन एवं थाना प्रभारी रविकांत डेहरिया को “संविधान निर्माता डॉ. बी आर आंबेडकर आस्था सम्मान” से सम्मानित किया गया।
रात्रि 9 बजे हजारों उपासक-उपासिकाओं की उपस्थिति में मंच से दोनों अधिकारियों को सम्मान पत्र भेंट किया गया। यह सम्मान आमला निवासी ओमकार टिकारे के घर हुई 21 लाख रुपए की चोरी का मात्र 11-12 दिन में खुलासा करने पर दिया गया। आयोजकों ने कहा कि पुलिस अधीक्षक श्री जैन के निर्देशन और टीआई रविकांत डेहरिया की त्वरित कार्रवाई से डॉ. बाबा साहब आंबेडकर का कथन “संविधान कितना भी अच्छा क्यों न हो, लागू करने वाले अच्छे होने चाहिए” साकार हुआ है।
सम्मान समारोह में आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, नगर पालिका अध्यक्ष नितिन गाडरे एवं भूतपूर्व नगरपालिका अध्यक्ष मनोज मालवे, समाज सेवक चंद्रशेखर पाण्डोले के हाथों टीआई रविकांत डेहरिया को एसपी के नाम का सम्मान पत्र भी भेंट किया गया। कार्यक्रम का संचालन शिवकुमार गुजरे ने किया।

इस अवसर पर आमला व्यापारी संघ अध्यक्ष संजय साहू, अनील सोनी, शैलेन्द्र भावसार, प्रकाश साहू, भोला वर्मा, नगरपालिका अध्यक्ष नितिन गाडरे एवं समाज सेवक चंद्रशेखर पंडोले उपस्थित रहे। आयोजकों ने मध्य प्रदेश सरकार से भी ऐसे अधिकारियों को सम्मानित करने की अपील की, जिससे कानून व्यवस्था और अधिक चुस्त-दुरुस्त होगी और आम जन का पुलिस पर विश्वास मजबूत होगा।









