Police crack down on illegal cannabis cultivation in Nalkheda, seize 227 plants, arrest father and son
संवाददाता: चंदा कुशवाह
नलखेड़ा। जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नलखेड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गेहूँ की फसल की आड़ में उगाई जा रही गांजे की खेती का भंडाफोड़ करते हुए 227 गांजा पौधे जब्त किए हैं। इस कार्रवाई में लगभग 10.846 किलोग्राम हरा गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई जा रही है, बरामद किया गया है। साथ ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट व एसडीओपी सुसनेर देवनारायण यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी नागेश यादव के नेतृत्व में नलखेड़ा पुलिस ने यह कार्रवाई की।
मुखबिर सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को 27 फरवरी 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पचलाना निवासी पुरालाल भिलाला और उसका पुत्र लखन भिलाला द्वारा लसुल्ड़िया गोपाल स्थित शासकीय भूमि पर, जो उनके कब्जे में है, गेहूँ की फसल के बीच अवैध रूप से गांजा के पौधे लगाए गए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही दो व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम पुरालाल पिता शंकरलाल भिलाला (60 वर्ष) तथा लखन पिता पुरालाल भिलाला (33 वर्ष) निवासी ग्राम पचलाना बताया।
गेहूँ की फसल के बीच उगाए गए थे गांजा पौधे
खेत की तलाशी के दौरान गेहूँ की फसल के बीच अवैध रूप से लगाए गए गांजा के पौधे पाए गए। पुलिस ने मौके से 227 छोटे-बड़े हरे पत्तेदार गांजा पौधे उखाड़कर जब्त किए। इलेक्ट्रॉनिक तोलकांटे से तौल करने पर इनका कुल वजन 10.846 किलोग्राम पाया गया।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ थाना नलखेड़ा में अपराध क्रमांक 73/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अब आरोपियों से गांजा की बिक्री और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नागेश यादव, सउनि दरबार सिंह जादोन, सउनि डीसी भिलाला, प्रधान आरक्षक शंभु सिंह जाट, प्रधान आरक्षक ललित सारस्वत, प्रधान आरक्षक नरेन्द्र भाटी, आरक्षक राजेश दांगी, आरक्षक अतेन्द्र, आरक्षक रोड़ीलाल दांगी सहित अन्य पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।









