A grand ‘Ek Shaam Khatuwale Ke Naam’ bhajan evening was organized in Jabalpur.

जितेन्द्र श्रीवास्तव अर्पिता श्रीवास्तव
जबलपुर। शहर के मानस भवन में सोमवार शाम आयोजित एक शाम खाटूवाले के नाम भव्य कीर्तन एवं भजन जागरण संध्या श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्याम भक्तों ने उपस्थित होकर बाबा श्याम के दरबार में भजनों और संकीर्तन का आनंद लिया।

कार्यक्रम में भजन प्रवाहक नयन कपूर (जबलपुर), राहुल मिश्रा (दिल्ली) एवं प्रीति सरगम (जबलपुर) ने अपने मधुर भजनों से भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर रात तक चले भजन-कीर्तन में श्रद्धालु बाबा श्याम के जयकारों के साथ भक्ति रस में सराबोर नजर आए।

इस अवसर पर सामूहिक श्याम नाम संकीर्तन, मनमोहक भजन जागरण एवं बाबा श्याम के दिव्य दरबार का विशेष आयोजन किया गया। भजनों की प्रस्तुति के दौरान श्रद्धालु झूमते और नाचते हुए बाबा का गुणगान करते रहे।

कार्यक्रम का आयोजन “करने वाले श्याम, कराने वाले श्याम” के तत्वावधान में किया गया, जबकि अपना श्याम परिवार, जबलपुर द्वारा इसकी व्यवस्था की गई। आयोजकों ने सभी श्याम भक्तों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आध्यात्मिकता और एकता का संदेश प्रसारित होता है।
पूरे आयोजन के दौरान मानस भवन श्याम भक्तों की श्रद्धा और भक्ति से गुंजायमान रहा तथा कार्यक्रम का समापन बाबा श्याम की आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ।









