Bribery racket in the Forest Department! Computer operator and Assistant Grade-2 arrested while accepting ₹55,000.
बैतूल। पश्चिम वन मंडल बैतूल में पदोन्नति के एवज में रिश्वत मांगने की शिकायत पर भोपाल लोकायुक्त की टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। डीएफओ पश्चिम वन मंडल कार्यालय परिसर में लोकायुक्त ने 55 हजार रुपये की रिश्वत लेते कंप्यूटर ऑपरेटर अभय सिंह तोमर और सहायक ग्रेड-2 माखनलाल पवार को रंगेहाथ गिरफ्तार किया।
प्रमोशन के लिए मांगे थे 55 हजार रुपये
लोकायुक्त भोपाल के डीएसपी कविंद्र सिंह चौहान ने बताया कि वन रक्षक सुकांत पाठक ने शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि पदोन्नति की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के बदले दोनों कर्मचारियों ने उनसे 55 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने आरोपों का सत्यापन कराया। सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर सोमवार को कार्रवाई की रणनीति तैयार की गई।
कार्यालय परिसर में रंगे हाथों पकड़े गए
निर्धारित कार्रवाई के तहत लोकायुक्त की टीम ने डीएफओ पश्चिम वन मंडल कार्यालय परिसर में जाल बिछाया। जैसे ही दोनों कर्मचारियों ने शिकायतकर्ता से 55 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उन्हें मौके पर पकड़ लिया।
लोकायुक्त टीम ने भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर दोनों कर्मचारियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।









