बरेला एक्सीडेंट : सगाई से लौट रहे परिवार की कार ट्राला से टकराई, एक की मौत, पांच घायल
Barela accident: Car of a family returning from an engagement party collides with a trailer, one dead, five injured

विशेष संवाददाता: जितेन्द्र श्रीवास्तव/अर्पिता श्रीवास्तव
जबलपुर। जिले के बरेला थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शारदा मंदिर नागा घाटी स्थित मंगलायतन कॉलेज के सामने मंडला रोड पर एक अर्टिगा कार और ट्राला की भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार अर्टिगा कार में कुल सात लोग सवार थे, जो रायपुर में सगाई समारोह में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मंडला की ओर से आ रहे ट्राला से कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
दुर्घटना में सीधी जिले के कमर्जी निवासी राजेश शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार पांच अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। कार में पीछे बैठा एक व्यक्ति सुरक्षित बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही बरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।










