Amla: Councilor Khushboo Vijay Atulkar raised questions on the unnecessary wastage of street lights, wrote a letter to SDM and Municipal Council President.
हरिप्रसाद गोहे
आमला। नगर की बिजली व्यवस्था और करदाताओं के पैसे की बर्बादी का मुद्दा नगर में गर्मा गया है। वार्ड पार्षद एवं यूथ कांग्रेस जिला महासचिव कुमारी खुशबू विजय अतुलकर ने एसडीएम आमला शैलेंद्र बड़ोनिया व नगर पालिका अध्यक्ष नितिन गाडरे के नाम पत्र लिखकर विद्युत विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्षद ने पत्र में कहा कि विद्युत विभाग द्वारा नगर के सभी 18 वार्डों में प्रतिदिन करीब 4 घंटे तक अनावश्यक रूप से स्ट्रीट लाइटें जलाई जा रही हैं। सुबह 6 बजे से सूर्य का प्रकाश फैल जाता है।

इसके बावजूद लाइटें 8-10 बजे तक चालू रहती हैं। इसी तरह शाम को 7 बजे तक दिन का उजाला रहने के बाद भी शाम 5 बजे से ही लाइटें ऑन कर दी जाती हैं। इस लापरवाही से नगर पालिका के करदाताओं का लाखों रुपया प्रतिवर्ष बर्बाद हो रहा है। वहीं दूसरी ओर विभाग द्वारा मेंटेनेंस के नाम पर कभी भी रात 2 बजे, 4 बजे बिजली काट दी जाती है। 6-6 घंटे तक लगातार कटौती से आमजन, छात्र और कामगार वर्ग को भारी परेशानी हो रही है। पार्षद ने कहा कि एक तरफ बिजली कटौती कर जनता को प्रताड़ित किया जा रहा है,

वहीं दूसरी तरफ दिन में फिजूल लाइट जलाकर बिजली बर्बाद की जा रही है। बताया गया शिकायत करने पर विभागीय अधिकारियों का जवाब है कि लाइटें टाइमर और फोटो सेल से संचालित हैं, इसलिए कुछ नहीं किया जा सकता। इस पर पार्षद ने सवाल किया कि जब सिस्टम ऑटो है

तो समय गलत क्यों सेट है? इसका भुगतान नगर की जनता क्यों करे? पार्षद ने एसडीएम व अध्यक्ष से मांग की है कि स्ट्रीट लाइट के टाइमर-सेंसर को सूर्योदय-सूर्यास्त के अनुसार तुरंत दुरुस्त करवाया जाए और ऑटो संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि बिजली की बचत हो और नगर पालिका के संसाधनों का सदुपयोग हो। पार्षद ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं हुआ तो नगर कांग्रेस अध्यक्ष अजय सिंह सोलंकी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी द्वारा विद्युत विभाग कार्यालय का घेराव और ऊर्जा मंत्री का पुतला दहन किया जाएगा। इसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।









