The divisional flying squad took action against 980 vehicles in May, issuing challans worth Rs 53.45 lakh.
- अवैध परिवहन, ओवरलोडिंग और दस्तावेजहीन वाहनों के खिलाफ सघन अभियान जारी
- परिवहन आयुक्त उमेश जोगा के नेतृत्व में प्रदेश में बढ़ा राजस्व संग्रहण, प्रवर्तन गतिविधियों में आई तेजी

विशेष संवाददाता जितेन्द्र श्रीवास्तव/अर्पिता श्रीवास्तव
जबलपुर। परिवहन आयुक्त मध्यप्रदेश उमेश जोगा के निर्देश पर आरटीओ संभागीय उड़नदस्ता प्रभारी विक्रम सिंह ठाकुर के नेतृत्व में जबलपुर उड़नदस्ता टीम द्वारा मई माह के दौरान अवैध परिवहन, ओवरलोडिंग, बिना वैध दस्तावेजों के माल परिवहन तथा मोटरयान अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के उल्लंघन के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान माल परिवहन में संलग्न कुल 980 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई, जिसके तहत 53 लाख 45 हजार रुपये की राजस्व वसूली हेतु चालान बनाए गए। कार्रवाई के दौरान बिना वैध परमिट, फिटनेस, बीमा, कर भुगतान एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों के संचालित पाए गए वाहनों पर नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की गई।

उल्लेखनीय है कि परिवहन आयुक्त उमेश जोगा द्वारा प्रदेशभर में राजस्व संग्रहण एवं प्रवर्तन गतिविधियों की नियमित समीक्षा की जा रही है। हाल ही में आयोजित समीक्षा बैठक में अपेक्षाकृत कम राजस्व संग्रहण वाले अधिकारियों को नोटिस जारी किए गए थे। इसके बाद प्रदेशभर में प्रवर्तन गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाया गया है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।

मध्यप्रदेश परिवहन विभाग द्वारा अवैध परिवहन, ओवरलोड वाहनों तथा बिना वैध दस्तावेजों के संचालित मालवाहक वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। जबलपुर संभागीय उड़नदस्ता द्वारा की गई यह कार्रवाई विभाग की सक्रियता एवं अभियान की प्रभावशीलता को दर्शाती है।
संभागीय उड़नदस्ता प्रभारी विक्रम सिंह ठाकुर ने वाहन स्वामियों एवं संचालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें तथा निर्धारित नियमों एवं भार सीमा का पालन करें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मोटरयान अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।








